Friday, May 17, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति माना जाता है-शैलजा

युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति माना जाता है-शैलजा

हाथरस, नीरज चक्रपाणि। युवा उत्थान अभियान के तहत राजकीय बालिका इंटर कालेज में प्रधानाचार्या ममता उपाध्याय की अध्यक्षता में गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि युवा उत्थान अभियान की सूत्रधार व युवा नेता शैलजा मिश्र ने मां शारदे के छविचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुये युवा उत्थान अभियान के उद्देश्यों व प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुये कहा कि युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति माना जाता है। इसलिये युवाओं को सभी संकीर्ण दायरों से परे हटकर संगठित होना व संस्कारित सशक्त तथा स्वस्थ होना अति आवश्यक है। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने, पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने के उपाय अपनाने तथा सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिये आगे आना का आव्हान किया।
प्रधानाचार्या ममता उपाध्याय ने युवा उत्थान अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुये कहा कि इस अभियान से नकारात्मक सोच वाले युवाओं की सोच में सकारात्मक बदलाव आयेगा और दिशाहीन युवाओं को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने अभियान को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन देते हुये इस अभियान को जनान्दोलन बनाने का आव्हान किया।
कुशल संचालन कर रहीं कुमुद शर्मा ने कहा कि पवित्र उद्देश्यों को लेकर शुरू किया गया उत्थान अभियान निश्चित ही बुलन्दियों को छूयेगा। इतनी कम उम्र की छात्रा शैलजा मिश्र द्वारा शुरू किया गया यह अभियान युवाओं को सामाजिक कार्य करने के लिये प्रेरित करेगा।
पर्यावरणविद् भवतोष मिश्र ने कहा कि तमाम युवा भारतीय संस्कृति से विमुख होकर अपराध, नशा व हताशा के दलदल में फंस चुके हैं। युवा उत्थान अभियान निश्चित ही अपने उद्देश्यों में सफल होगा। गार्गी शर्मा, निताशा, ज्योति, मुस्कान, कृतिका, अलीशा खां, प्रिया त्रिपाठी, ईशा कौशिक ने भी विचार व्यक्त किये। इस दौरान रश्मि अग्रवाल, नीतू सिंह, साधना सिंह, रजनी यादव, तान्या शर्मा, आकांक्षा आदि मौजूद थीं।