Saturday, April 26, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » विकासपरक् योजनाओं का स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराया जायेः मुख्य सचिव

विकासपरक् योजनाओं का स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराया जायेः मुख्य सचिव

जनपदों में निरीक्षण के दौरान जनपदों में विकास सम्बंधी उठाये जाने वाले मुद्दों का निस्तारण शासन स्तर पर प्राथमिकता से सुनिश्चित कराया जायेः मुख्य सचिव
नामित नोडल अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान आम नागरिकों से भेंट कर जनपद के विकास कार्यों का फीडबैक अवश्य प्राप्त किया जायेः डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय
लखनऊ, जन सामना ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव, डाॅ0 अनूप चंद्र पाण्डेय ने जनपदों में निरीक्षण हेतु नामित अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, एवं सचिवों को निर्देश दिये हैं कि जनपदों में निरीक्षण के दौरान जनपदों में विकास सम्बंधी उठाये जाने वाले मुद्दों का निस्तारण शासन स्तर पर प्राथमिकता से सुनिश्चित कराया जाये। उन्होंने कहा कि नामित नोडल अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान आम नागरिकों से भेंट कर जनपद के विकास कार्यों का फीडबैक अवश्य प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिये हैं कि जनपदों में निरीक्षण हेतु नामित नोडल अधिकारियों को निरीक्षण आख्या निर्धारित अवधि में निर्धारित प्रोफार्मा में अपलोड कराया जाना अवश्य सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि नोडल अधिकारियों को अपने नामित जनपदों में प्रत्येक माह निरीक्षण करने अवश्य जाना होगा।
मुख्य सचिव आज लोक भवन में जनपदों में निरीक्षण हेतु नामित नोडल अधिकारियों की बैठक कर आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि विकासपरक् योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित अवधि में गुणवत्ता के साथ कार्यों को पूर्ण कराया जाये। उन्होंने कहा कि विकासपरक् योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों को भी उपलब्ध कराने हेतु स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराया जाये।
डा0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि नामित नोडल अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान विकासपरक् योजनाओं का भौतिक सत्यापक करने हेतु सम्बंधित जनपद के किसी एक गांव के विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करना होगा। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का निस्तारण स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित कराया जाये। उन्होंने कहा कि विकासपरक् योजनाओं में और अधिक गति तथा पारदर्शिता लाने हेतु आम नागरिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर उनकी भागीदारी भी सुनिश्चित कराई जाये। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को जनपद में कराये जा रहे विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने हेतु विकास कार्यों का स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराया जाये।
बैठक में जनपदों में निरीक्षण हेतु नामित नोडल अधिकारीगण सहित समस्त विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव तथा सचिव उपस्थित थे।