Sunday, June 8, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कन्या भ्रूण हत्या केवल कानूनी नहीं बल्कि सामाजिक अपराध 

कन्या भ्रूण हत्या केवल कानूनी नहीं बल्कि सामाजिक अपराध 

हाथरस, नीरज चक्रपाणि। कन्या भ्रूण हत्या एक कानूनी अपराध होने के साथ-साथ सामाजिक अपराध भी है। कन्या भ्रूण हत्या इसी तरह जारी रही तो हम एक दिन अपना परिवार, समाज और यहां तक कि नस्ल भी खो देंगे। लैंगिक असमानता का सबसे बड़ा कारण कन्या भ्रूण हत्या है। जिस दिन हम अपनी बेटियों को बेटों के बराबर समझने लगेंगे उस दिन कन्या भ्रूण हत्या अपने आप रुक जाएगी। यह बातें जिला प्रोबेशन अधिकारी डीके सिंह द्वारा मिशन शक्ति के अंतर्गत धार्मिक स्थलों पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में कहीं गई। मिशन शक्ति अभियान के चौथे दिन महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा सम्मान तथा स्वावलंबन के प्रति जागरूक कराने के लिए शहर के मुख्य धार्मिक स्थलों पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया | कठपुतली शो व मैजिक शो के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी डी.के.सिंह के निर्देशन में मथुरा रोड स्थित बौहरे वाली देवी मंदिर पर घरेलू महिलाओं, बालिकाओं तथा नेहरू युवा केन्द्र की वॉलंटियर्स को पी सी पी एन डी टी कानून के अंतर्गत महिलाओं के प्रति होने वाली हिंसा से बचाव, सहायता, पुनर्वास तथा हिंसा करने हेतु दंड का प्रावधान आदि के विषय मे जानकारी प्रदान की गई। सुचिका सहाय द्वारा पी सी पी एन डी टी एक्ट की सम्पूर्ण जानकारी दी गयी तथा महिला कल्याण अधिकारी मोनिका गौतम द्वारा भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों के विरुद्ध महिलाओं तथा उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया गया। बेटा और बेटी के प्रति एक समान भाव रखते हुए उनके सुदृढ़ भविष्य निर्माण हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के विषय में विस्तार से बताया गया। विषम परिस्थितियों में सहायता प्राप्त किये जाने के लिये महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित 181 महिला हैल्प लाइन तथा यू.पी. पुलिस द्वारा चलायी जा रही सुरक्षा संबंधित सेवाएँ जैसे वूमेन पावर लाइन 1090/1098 चाइल्ड हेल्प लाइन के बारे में जानकारी दी गई| सभी महिलाओं को हेल्पलाइन नम्बर का निर्भीक होकर उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया तथा आस पडोस में या स्वयं के साथ होने वाले अपराध को लेकर संकोच न करने तथा निडर होकर अपनी बात रखने के लिये जागरुक किया गया। सेन्टर मैनेजर मनीषा भारद्वाज द्वारा घरेलू हिंसा एवं वन स्टॉप सेन्टर के विषय में सम्पूर्ण जानकारी प्रदान की गई, महिलाओं को अधिक से अधिक इसका प्रचार करने के लिए प्रेरित किया। बौहरे वाली देवी एवं शहर के मुख्य बाजार स्थित रामलीला मैदान तथा अलीगढ़ रोड स्थित नवग्रह मंदिर में आयोजित कार्यक्रमों में नाटकीय प्रस्तुति हापुड़ के अरविन्द पपेट ग्रुप द्वारा की गई। इस अवसर पर कॉउंसलर नीतू सिंह, जिला समन्वयक ज्योति, सीमा, सामाजिक कार्यकत्री प्रतिष्ठा, प्रवीण यादव, अनुपम पचौरी आंगनवाड़ी व घरेलू महिलाएं आदि उपस्थित थे।