Friday, June 6, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सांसद व जनप्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ किया पौधरोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सांसद व जनप्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ किया पौधरोपण

हाथरस। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत सांसद अनूप प्रधान ने जनपद के विधायकगण, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। कार्यक्रम में अपने संबोधन में सांसद अनूप प्रधान ने कहा कि हर वर्ष 5 जून को मनाया जाने वाला विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह एक जिम्मेदारी का एहसास कराता है। यह दिन हमें सोचने पर मजबूर करता है कि हम अपने पर्यावरण के साथ कैसा व्यवहार कर रहे हैं। पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, सूखती नदियां, जहरीली होती हवा और बढ़ता पृथ्वी का तापमान हमारी लापरवाहियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रकृति हमेशा देने का कार्य करती है—शुद्ध हवा, मीठा पानी, ठंडी छांव और भोजन। बदले में वह हमसे कुछ नहीं लेती। ऐसे में हमारा भी कर्तव्य है कि हम इसकी रक्षा करें। सांसद ने सभी से आह्वान किया कि वे “एक पेड़ मां के नाम” अवश्य लगाएं और उसका ऐसे संरक्षण करें जैसे वह उनकी मां हो। कार्यक्रम में मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए पौधारोपण किया और लोगों को जागरूक किया कि छोटे-छोटे कदम भी बड़े बदलाव ला सकते हैं।