कानपुर देहात, जन सामना। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार विकासखण्ड अकबरपुर कानपुर देहात में प्रवासी श्रमिकों के विधिक अधिकारों के विषय में कार्यशाला आयोजित की गयी। कार्यशाला में विकासखण्ड अकबरपुर के ग्राम पंचायतों के प्रवासी श्रमिकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में श्रम प्रवर्तन अधिकारी विनीत त्रिपाठी द्वारा अन्तर्राज्यीय प्रवासी कर्मकार अधिनियम 1976 के प्रावधानों के सम्बन्ध में प्रकाश डाला। साथ ही प्रवासी श्रमिकों के हितार्थ संचालित उ0प्र0 भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी गयी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनाली पूनिया ने अपने उद्बोधन में श्रमिकों को सदैव जागरूक रहने को कहा तथा श्रमिकों को अपने कानूनी अधिकारों के विषय में जानकारी प्रदान की। उनके द्वारा कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न निवारण,प्रतिषेध एवं प्रतितोष अधिनियम 2013 के विषय में भी जानकारी दी गयी। कार्यक्रम में श्रमिकों का पंजीयन जन सुविधा केन्द्र के माध्यम से भारी संख्या में किया गया। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार अकबरपुर, खण्ड विकास अधिकारी अजय वीर सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी विनीत त्रिपाठी, उपस्थित थे।