Monday, May 6, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » दो दिग्गजों के भाजपा छोड़ने से बेजान पार्टी में जोश भरना बड़ी चुनौती

दो दिग्गजों के भाजपा छोड़ने से बेजान पार्टी में जोश भरना बड़ी चुनौती

ऊंचाहार/रायबरेली, पवन कुमार गुप्ता। अब विधान सभा के मतदान के लिए चंद दिन ही शेष है, किन्तु ऊंचाहार भाजपा अभी भी ठीक से मैदान में उतर नहीं पा रही है। यहां पर भाजपा के दो दिग्गज स्वामी प्रसाद मौर्य और अतुल सिंह के पार्टी छोड़ने के कारण पूरा संगठन बेजान हो गया है। जिसे मैदान में खड़ा करना ही पार्टी के उम्मीदवार के लिए बड़ी चुनौती है। भाजपा ऊंचाहार में पैदा हुई रिक्तता की भरपाई की भरपूर कोशिश जरूर कर रही है, किन्तु उसकी राह में बहुत रोड़े है। विगत दस साल से यहां पर सक्रिय रहे अतुल सिंह अब कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में मैदान में है। जबकि पार्टी के दिग्गज नेता स्वामी प्रसाद मौर्य सपा में शामिल होने के बाद ऊंचाहार छोड़ चुके है। ऐसी दशा में भाजपा ने बाहरी उम्मीदवार अमर पाल मौर्य को यहां भेज दिया। अब भाजपा के सामने कई चुनौतियां सामने है। पार्टी को जहां एक ओर संगठन को नए सिरे से सक्रिय करके बूथ पर उतारने की जरूरत है। वहीं दूसरी ओर पार्टी उम्मीदवार की पहचान बनाना दूसरी चुनौती है। उधर भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए अतुल सिंह अपने निजी रिश्तों की दुहाई देकर लगातार भाजपा को कमजोर कर रहे है। जबकि बसपा से चुनाव लड़ रही अंंजली मौर्य अपनी बिरादरी के मतदाताओ को जोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रही है। सबसे विषम स्थित में भाजपा है। जिसे चुनावी युद्ध के दौरान ही जमीन से उठना है। अब देखना यह है कि मतदान तक पार्टी कितना दम दिखा पाती है ?