Monday, September 23, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » उत्तर प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है : अरुण सिंह

उत्तर प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है : अरुण सिंह

सिकंदराराऊ। समाजवादी पार्टी की सरकार में दंगे होते थे और उन दंगों में एक समुदाय को राहत पहुंचाई जाती थी और दूसरे लोगों पर मुकदमे दर्ज किए जाते थे। यही समाजवादी पार्टी का भेदभाव था। इस समय उत्तर प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है और एक बार पुनः योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे और भाजपा प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी। उक्त बातें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने सिकंदराराऊ आगमन पर हाथरस रोड स्थित रामवती कुंज में पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि मथुरा के जवाहर बाग में कब्जा कराने का काम भी समाजवादी पार्टी के शासन में हुआ, जहां निर्दोष एसपी सिटी और इंस्पेक्टर की हत्या हुई। आज वही जवाहर बाग लोगों का पर्यटक स्थल बन गया है।अरुण सिंह ने कहा कि 2017 में भी सपा कांग्रेस गठबंधन का परिणाम शून्य रहा था । इस बार भी सपा रालोद गठबंधन से कुछ हासिल नहीं होगा । उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को अच्छी तरह जान चुकी है। उत्तर प्रदेश की जनता ने 2017 और 2019 में बीजेपी को आशीर्वाद दिया था। जनता एक बार फिर विकास के लिए योगीजी और मोदीजी के नेतृत्व वाली सरकार को अपना आशीर्वाद देगी।उन्होंने कहा कि बीजेपी हाथरस की तीनों सीटों पर विजय हासिल करेगी और प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाने जा रही है। सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में लहर है। लोग योगी की सरकार बनाना चाहते हैं।भाजपा सरकार में गरीब कल्याणकारी योजनाएं लागू हुई हैं । प्रदेश में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हो गई है । उत्तर प्रदेश निरंतर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। 19 महीने से लगातार गरीबों को अनाज मिल रहा है। केंद्र व प्रदेश दोनों सरकारों द्वारा दिया जा रहा है। महिलाओं , किसान, दिव्यांग के खातों में पैसा सीधा पहुंचा है। वृद्ध लोगों की पेंशन मिली है । जब कोरोना का संकट आया तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता के लिए खजाने का मुंह खोल दिया।
उन्होंने कहा कि सपा बसपा के समय कानून व्यवस्था बदहाल हो गई थी। जंगलराज कायम था। जवाहर बाग मथुरा का कांड इसका प्रमाण है। लोग मॉर्निंग वॉक करना भूल गए थे। उत्तर प्रदेश दंगों का प्रदेश बन गया था। लोग पलायन करने को मजबूर हो गए थे ।अब मुजफ्फरनगर व कैराना के आज के हालात बदल चुके हैं। भाजपा सरकार में मेडिकल कालेज एवं विश्वविद्यालय तथा उच्च शिक्षण संस्थान खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोग एकजुट होकर भाजपा को जिताने के लिए कार्य करें।
इस अवसर पर जिला प्रभारी देवेंद्र चौधरी, जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, विधायक वीरेंद्र सिंह राणा , पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान , बृजेश सिंह चौहान, देवेंद्र राघव , मुकेश चौहान , विपिन वार्ष्णेय, नरेंद्र सिंह चौहान ,सुरेन्द्र सिंह पुंडीर , मुकुल गुप्ता ,पंकज गुप्ता, योगेश परमार ,प्रवीण वार्ष्णेय, राजेंद्र सूफी ,नीरज वैश्य आदि मौजूद थे ।