Sunday, September 22, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » विवाद के चलते बिन दुल्हन के वापस लौटी बारात

विवाद के चलते बिन दुल्हन के वापस लौटी बारात

वरमाला के दौरान लड़की के मामा व बारातियों के बीच किसी बात को लेकर हो गया था विवाद
फिरोजाबाद। थाना क्षेत्र में शादी समारोह में लड़की पक्ष में विवाद हो गया। विवाद के बाद लड़की पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। बारात को बिन दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। नगला नत्थे निवासी युवती का रिश्ता जनपद आगरा खंदौली क्षेत्र के गांव उस्मानपुर क्षेत्र निवासी एक युवक के साथ तय हुआ था। बारात शुक्रवार की शाम गांव पहुंची। रात को गाजे-बाजे के साथ बारात लड़की के दरवाजे पर पहुंची। शादी को लेकर दोनों पक्षों में काफी उत्साह था। वरमाला के दौरान लड़की के मामा व बारातियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। उन लोगों में गाली-गलौच हो गई। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे। झगड़ा होता देख ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। विवाद के दौरान ही लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। लड़की पक्ष के फरमान से सभी लोग हैरत में पड़ गए। ग्रामीणों ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया। दोनों पक्षों के बीच सुबह तक बातचीत होती रही। काफी प्रयासों के बाद भी बात नहीं बनी। लड़का पक्ष ने लड़की पक्ष पर दुल्हे को बंधक बनाने का आरोप लगाया। विवाद का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों में बात ना बनने पर बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। थानाध्यक्ष खैरगढ़ विनय कुमार भारद्वाज का कहना है कि नगला नत्थे में आगरा के खंदौली से बारात आई थी। लड़का पक्ष ने दुल्हे को बंधक बनाने की सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी। तब तक दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। बारात बिन दुल्हन के वापस चली गई है। किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं आई।