Saturday, September 21, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » नयाबांस में डेयरी संचालक को मारी गोली,हडकम्प

नयाबांस में डेयरी संचालक को मारी गोली,हडकम्प

हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नयाबांस में बीती देर रात्रि को एक डेयरी संचालक को नामजदों द्वारा गोली मार देने से भारी हड़कंप मच गया और गोली डेयरी संचालक के पैर में लगी है। जिससे वह गंभीर रूप घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में पुलिस ने दो नामजद व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बताते हैं थाना हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव नयाबांस निवासी डेयरी संचालक 58 वर्षीय गोवर्धन शर्मा पुत्र हरीशंकर शर्मा का गांव के ही लोगों से पुराना विवाद चल रहा है। बीती देर रात्रि को गोवर्धन शर्मा गांव के बाहर दूध की डेयरी पर सो रहे थे तभी नामजद एक राय होकर आए और गोली मारकर आरोपित मौके से फरार हो गए। गोली गोर्वधन के पैर में लगी है। गोली की आवाज सुनकर गांव में अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। गोली चलने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया तथा एसएचओ गौरव सक्सैना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और घायल को उपचार के लिए पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
उक्त घटना को लेकर थाना हाथरस गेट पुलिस का कहना है कि आज प्रातः तड़के करीब 3 बजे थाना पर सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र के ग्राम नयाबांस में पुरानी रंजिश को लेकर गोवर्धन शर्मा पुत्र हरीशंकर शर्मा (उम्र 58 वर्ष) निवासी नयाबांस को कुछ व्यक्तियों द्वारा पैर में गोली मार दी गई है, जिससे वह घायल हो गये हैं। सूचना पर तत्काल क्षेत्राधिकारी नगर व प्रभारी निरीक्षक थाना हाथरस गेट द्वारा मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का निरीक्षण कर घायल गोवर्धन शर्मा को उपचार हेतु जिला अस्पताल भिजवाया गया। जहाँ वह उपचाररत हैं। डॉक्टरों द्वारा घायल के दाहिने पैर में घुटने के नीचे घाव बताया है एवं घायल की स्थिति खतरे से बाहर बतायी गयी है। पुलिस द्वारा जानकारी करने पर घायल गोवर्धन शर्मा द्वारा छुटका उर्फ राजीव व पिंटू पुत्रगण रामबाबू निवासीगण नयाबांस एवं 2 अज्ञात लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। घटना के सम्बन्ध में तहरीर के आधार पर थाना हाथरस गेट पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।