Saturday, May 18, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार »  ग्राम प्रधान के भाई की गोली मारकर हत्या,हड़कंप

 ग्राम प्रधान के भाई की गोली मारकर हत्या,हड़कंप

हाथरस। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव दतौरा में ग्राम प्रधान के भाई को अज्ञात लोगों द्वारा गोली मार देने से उसकी दर्दनाक मौत हो जाने से पूरे गांव व क्षेत्र में भारी हड़कंप एवं खलबली मच गई और मौके पर जहॉ लोगों की भीड़ लग गई। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस कप्तान सहित आला अधिकारी पहुंच गए और पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है। परिजनों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई है।
बताते हैं थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव दतौरा निवासी एवं वर्तमान ग्राम प्रधान हरेन्द्र सिंह पुत्र रामवीर सिंह के छोटे भाई करीब 30 वर्षीय बलवंत सिंह बीती रात्रि को घर पर भोजन करने के उपरांत गांव में टहलने के लिए गए थे। तभी गांव में ही उन्हें अज्ञात लोगों द्वारा गोली मार दी गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए तथा घटना की खबर से पूरे गांव में भारी हड़कंप एवं खलबली मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई तथा घायल ग्राम प्रधान के भाई बलवंत को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर अस्पताल में पुलिस कप्तान देवेश कुमार पांडेय, सीओ सिटी मनोज शर्मा, थाना हाथरस जंक्शन प्रभारी रितेश कुमार आदि पहुंच गए तथा पुलिस द्वारा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया है। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के ग्राम दतौरा में घटित घटना के सम्बन्ध में पुलिस प्रशासन का कहना है कि बीती रात्रि को करीब 10 बजे थाना हाथरस जंक्शन पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र के ग्राम दतौरा निवासी एक व्यक्ति बलवंत पुत्र रामवीर (उम्र करीब 30 वर्ष) को कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मार दी है। घायल को परिजनों द्वारा उपचार हेतु जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उनको मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर तत्काल थाना पुलिस एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का निरीक्षण कर जानकारी की गई। पुलिस द्वारा मृतक के शव का पंचायतनामा की कार्यवाही कर पोस्टमॉर्टम हेतु मोर्चरी भिजवाया गया। घटना के सम्बन्ध में परिजनों से तहरीर प्राप्त कर थाना पर हत्या की धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा।