Saturday, September 21, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » श्वेत क्रांति के माध्यम से राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड ने देश के किसानों को एकता के सूत्र में पिरोया- राज्यपाल

श्वेत क्रांति के माध्यम से राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड ने देश के किसानों को एकता के सूत्र में पिरोया- राज्यपाल

➡️देश की महिलाएं सक्षम हैं और किसी भी जिम्मेदारी को निभा सकती हैं – राज्यपाल 

➡️राज्यपाल ने एनीमल ब्रीडिंग रिसर्च ऑर्गनाइजेशन द्वारा तैयार ‘‘एब्रो हनी’’ का किया लोकार्पण 

➡️राष्ट्रीय गोकुल मिशन’ के अन्तर्गत भारत सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित – राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 

रायबरेली। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज रायबरेली के तहसील सलोन स्थित एनीमल ब्रीडिंग सेन्टर के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि एनीमल ब्रीडिंग सेन्टर की स्थापना इस दृढ़ विश्वास में निहित है कि हमारे देश की समाजिक और आर्थिक प्रगति मुख्य रूप से ग्रामीण भारत के विकास पर निर्भर करती है। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत बनाने के अभियान में अपना योगदान देने हेतु महिला किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि पशुपालन और दुग्धोत्पादन के विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के मवेसियों से जुड़े हुए कार्यों जैसे नस्ल सुधार कार्यक्रम, संतुलित आहार कार्यक्रम तथा किसानों को विभिन्न प्रकार की तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करना एक सराहनीय कार्य है। इस संस्थान द्वारा स्थापित 16 दुग्ध उत्पादक कम्पनियों में 63 प्रतिशत महिलाओं की हिस्सेदारी है, जो कि किसी भी औद्योगिक हिस्सेदारी में अधिकतम है। राज्यपाल ने अपने संबोधन में गुजरात राज्य में महिला सशक्तीकरण का उत्कृष्ट उदाहरण को रेखांकित करते हुए कहा कि गुजरात में डेयरी के माध्यम से महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हुई हैं और महिलाओं ने पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के व्यवसाय को अपनाकर एक अच्छी आमदनी कर रही हैं। यह महिला सशक्तीकरण का एक जीता जागता उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सभी महिला मित्र भी उचित वैज्ञानिक तकनीकी व मार्गदर्शन अपनाकर, अपना खुद का कारोबार चला सकती हैं और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार कर सकती हैं। देश की महिलाएं सक्षम हैं और किसी भी जिम्मेदारी को निभा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि एन0डी0डी0बी0 ने देश के किसानों को आत्मनिर्भर निभाने के लिये अनेक संस्थानों की नींव डाली है। इस संस्थान के सहयोग से देश के डेयरी नेटवर्क के माध्यम से किसानों के बीच वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्यपाल ने कहा कि पशुपालन के माध्यम से आय को बढ़ाने के लिए ‘राष्ट्रीय गोकुल मिशन’ के अन्तर्गत भारत सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलायी जा रही हैं। जिनका लक्ष्य आधुनिक तकनीकों द्वारा दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार, पशु पोषण और पशु रोगों से बचाव है। राज्यपाल जी ने एनीमल ब्रीडिंग रिसर्च ऑर्गनाइजेशन द्वारा तैयार ‘‘एब्रो हनी’’ का लोकार्पण किया। इससे पूर्व राज्यपाल जी द्वारा पशु प्रजनन अनुसंधान केंद्र सलोन की गतिविधियों का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह, सलोन विधायक अशोक कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, मुख्य विकास अधिकारी प्रभाष कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, वरिष्ठ महाप्रबंधक-राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड एस रघुपति, कार्यक्रम के समापन उद्बोधन में पशु प्रजनन अनुसंधान संस्थान के महाप्रबंधक डॉक्टर नीरव पटेल ने आये हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद व्यक्त किया।