पवन कुमार गुप्ताः ऊंचाहार, रायबरेली। महाकुंभ 2025 की शुरुआत के लिए अब कुछ दिन ही शेष हैं, ऐसे में यूपी सरकार अब इस आयोजन के प्रगति की समीक्षा कर रही है। इसी क्रम में महाकुंभ को जाने वाले मार्ग में नगर पंचायत ऊंचाहार के चौराहे पर आज शुक्रवार को तहसील प्रशासन, ऊंचाहार पुलिस और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दमयान ऊंचाहार चौराहे पर स्थित अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। इस अभियान में गुमटी, ठेला,रेहड़ी, पटरी के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई महाकुंभ के दौरान सुगम यातायात और नगर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
हाईवे निर्माण में लगी कंपनियां कर रही अवैध खुदाई, क्षतिग्रस्त हो गई गांव की सड़कें, प्रधान प्रतिनिधि ने दी चेतावनी
पवन कुमार गुप्ताः रायबरेली। विगत कई महीने से लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग का कार्य निर्माणाधीन है, जिसके निर्माण के लिए मिट्टी फीलिंग हेतु आसपास के गांवों में खनन किया जा रहा है। अब आरोप है कि तहसील क्षेत्र ऊंचाहार के पट्टी रहस कैथवल ग्राम सभा के विभिन्न इलाकों में बाईपास व गंगा एक्सप्रेस वे निर्माण में लगी कंपनी के ठेकेदारों द्वारा लगभग 80 से 100 बीघे बंजर ज़मीन की अवैध खुदाई की जा रही है।
वहीं प्रधान प्रतिनिधि अनुज उपाध्याय ने कहा कि गांव की जमीन से अवैध खुदाई करके गरीबों की जमीन को बंजर बनाया जा रहा है, साथ ही साथ मिट्टी ढोने के लिए ओवरलोड व बिना नंबर के चल रहे डंफ़रों द्वारा ग्राम सभा की कई सड़कों व रास्तों को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।
जरूरतमंद लोगों को कम्बल वितरित किया
कानपुर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा प्रदेश अध्यक्ष कुंवर मनोज सिंह भदौरिया के द्वारा भीषण सर्दी को देखते हुए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में गर्म कम्बल वितरित किए। शुभारंभ पनकी मंदिर प्रांगण में श्री महावीर महाबली बजरंगी बली जी महाराज के दर्शन कर जरूरतमंद लोगों को कम्बल वितरित कर किया गया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष कुंवर मनोज सिंह भदौरिया ने कहा कि मानव सेवा से बढ़ कर कोई सेवा नहीं है। आज के समय में इंसान को इंसान के काम आना चाहिए। अभी जिले में काफी ठंड पड़ रही है। लोगों को कंबल एवं गर्म कपड़ों की जरूरत है। श्री भदौरिया ने बताया कि वह अपने पिता स्व राजेन्द्र भदौरिया जी के आदर्शों पर चल रहे हैं। स्व राजेन्द्र भदौरिया धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। उनका विनम्र स्वभाव और दयालु व्यक्तित्व हमेशा लोगों को प्रेरित करता रहेगा। उनके नहीं रहने से उनकी कमी लोगों को काफी खलती है। कम्बल वितरित कर रहे प्रदेश अध्यक्ष कुं मनोज सिंह भदौरिया ने पदाधिकारियों से कहा कि दुनिया में ऐसा कोई धर्म नहीं, जो मानव सेवा की सीख न देता हो। कहा भी गया है कि नर सेवा ही नारायण सेवा है।
मुस्लिम बस्ती में 25 साल से बंद पड़े मंदिर को खुलवाया
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के शहीद चौक के पास गली नंबर 8 मोमिन बस्ती में 25 साल से बंद पड़े मंदिर को हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने खुलवाया। जहां उन्होंने साफ-सफाई करने के साथ ही पूजा अर्चना की। बजरंग दल व राष्ट्रीय युवा वाहिनी गो प्रकोष्ठ संगठन के हिंदूवादी पंडित हृदय शर्मा को जानकारी मिली कि मुस्लिम बस्ती मोमिन नगर गली नंबर आठ में एक देवी-देवताओं का मंदिर विगत 25 साल से बंद पड़ा है। रविवार को वह हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों को साथ लेकर मौके पर पहुंच गए। जहां उन्होंने मंदिर को खुलवाया। जिसके अंदर धूल, मिट्टी और गंदगी जमा हो गई थी। उन्होंने साफ सफाई करने के साथ ही हनुमान जी की मूर्ति को भी साफ किया। पूजा अर्चना करने के बाद लोगों से भी मंदिर में आकर पूजा अर्चना करने की अपील की।
शतरंज महिला वर्ग में पीहू व पुरूष वर्ग में माधव ने मारी बाजी
फिरोजाबाद। ऑचिड ग्रीन द्वारा क्लब हाउस में चल रहे ऑचिड स्पोर्ट्स कार्निवाल के तीसरे दिन स्नूकर सिंगल, टेबल टेनिस, कैरम सिंगल, बैडमिंटन आदि गेमों में महिला एवं पुरूष खिलाड़ियो ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। ऑचिड डायरेक्टर आशीष मित्तल आशु, युवा उद्योगपति अंशित मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि स्नूकर सिंगल में आशीष मित्तल ने कुशल गुप्ता को, कृष माहेश्वरी ने कपिल गुप्ता को, सजल परोलिया ने अभिषेक गुप्ता को हराया। टेबल टेनिस में विराट अग्रवाल ने अभिनव वर्मा को 3-1 से हराया, आदित्य ने आराध्य को 3-0से हराया। कैरम सिंगल अंडर-15 में रिआंश गुप्ता ने द्रोण पाराशर को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। आराध्य जैन ने अधिराज गुप्ता को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पुरुष वर्ग में डबल में समीर शर्मा, सुशांत मित्तल ने रोहित मित्तल, कौशल मित्तल को हराया। बैडमिंटन अंडर-15 में शिवांश ने अक्षत को, अधिराज गुप्ता ने इशांक गुप्ता को हराया। महिला वर्ग में मिसिका जैन ने विधि गोयल को हरा कर फाइनल में प्रवेश किया। शतरंज महिला अंडर-15 में पीहू जैन ने अदिति जैन को हराया, पुरुष वर्ग में माधव राठी ने आदित्य प्रकाश को हराया।
ब्राह्मण महासभा की बैठक में संगठन के विस्तार पर हुई चर्चा
फिरोजाबाद। जिला ब्राह्मण महासभा फिरोजाबाद (पंजीकृत) की एक बैठक परशुराम शिविर रामलीला ग्राउंड पर संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार पर चर्चा की गई। मुख्य संरक्षक रविंद्र लाल तिवारी ने कहा कि जिला ब्राह्मण महासभा अपने संरक्षक मंडल का विस्तार करते हुए नए लोगों को संरक्षक मण्डल में शामिल कर रही है तथा आजीवन सदस्यता अभियान चलाकर लगभग 100 से ज्यादा नए सदस्यों को जिला ब्राह्मण महासभा से जोड़ रही है। आजीवन सदस्यता का शुल्क 2100 रू. प्रति व्यक्ति रखा गया है। समस्त जिला ब्राह्मण महासभा के सदस्यों ने कहा कि हम अपने संगठन को पूरे जनपद में गांव-गांव तक लेकर जाएंगे तथा नए सदस्यों को संगठन से जोड़कर पुनः नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी ने बताया कि संगठन को नया रूप देने के लिए जिला ब्राह्मण महासभा का एक-एक सदस्य पूरी ताकत के साथ निष्ठा के साथ लोगों को जिला ब्राह्मण महासभा से जुड़ रहा है और आने वाले समय में संरक्षक मंडल में और लोगों को दायित्व दिया जाएगा। सदस्यता अभियान खत्म होने के बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
जनता के कार्यों में लापरवाही किसी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी: रामनिवास यादव
फिरोजाबाद। भ्रष्टाचार और जनता के कार्यों में लापरवाही किसी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी उक्त विचार सूचना का अधिकार टास्क फोर्स के प्रमुख महासचिव रामनिवास यादव ने नेहरू नगर में आयोजित बैठक में व्यक्त किये।
उन्होंने कहा की सरकारी विभागों में अधिकारियों द्वारा अपने कर्तव्य का पालन न करते हुए जन समस्याओं, शिकायतों को निपटाने के बजाय लोगों को परेशान और अपमानित किया जा रहा है, जिस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो विभागीय कर्मचारियों-अधिकारियों को करना चाहिए उसे करने के लिए शिकायतकर्ताओं पीड़ितों को दौड़या जाता है।
मरीजों को कंधे पर उठाकर ले जाने को मजबूर तीमारदार
फिरोजाबाद। जिले के सरकारी मेडिकल कॉलेज में एक और लापरवाही सामने आई है। तीमारदार एक मरीज को अपने कंधो पर उठाकर सीटी स्कैन कराने के लिए ले जाता हुआ दिखाई दिया। जानकारी के मुताबिक रविवार को एक तीमारदार ट्रामा सेंटर से सीटी स्कैन के लिए लाया गया था। सीटी स्कैन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मरीज को वापस वार्ड तक ले जाने के लिए ना तो एम्बुलेंस उपलब्ध थी और न ही व्हीलचेयर जैसी कोई सुविधा। परेशान तीमारदार ने मजबूरी में मरीज को अपने कंधे पर उठाकर अस्पताल के वार्ड तक पहुंचाया। तीमारदार ने बताया कि इस दौरान उन्हें कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन कोई भी अस्पताल स्टाफ या प्रशासन से सहायता नहीं मिली।
महाकुम्भ में मिल रहा श्रद्धालुओं को उपचारः ब्रजेश पाठक
लखनऊ। महाकुम्भ के कोने-कोने में श्रद्धालुओं को उपचार मिल रहा है। अब तक दस हजार से अधिक मरीजों को स्वास्थ्य लाभ मिल चुका है। केंद्रीय अस्पताल के साथ-साथ अब अरैल के सब सेंट्रल हॉस्पिटल में भी ओपीडी शुरू हो गई है। सब सेंट्रल अस्पताल में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई है। मरीजों के सैंपल एकत्रित करने की भी सुविधा है। यह जानकारी रविवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दी।
उन्होंने बताया कि महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की मेहनत रंग ला रही है। श्रद्धालुओं को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। परेड ग्राउंड पर स्थापित सेंट्रल हॉस्पिटल की ही तरह अरैल स्थित सेक्टर 24 में एक सब सेंट्रल हॉस्पिटल ने भी पूरी क्षमता से शुरू कर दिया गया है। यहां भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती कर दी गई है। डिप्टी सीएम ने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सर्दी के दौरान किसी भी मरीजों को परेशानी न हो, इस बात का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
उप्र के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि अरैल स्थित 25 बेड वाला सब सेंट्रल अस्पताल भी अत्याधुनिक सुख-सुविधाओं से लैस है।
स्थानीय व्यापारियों ने ऑनलाइन व्यापार का किया विरोध
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशध्यक्ष मुकुंद मिश्र के आव्हान पर रविवार को आनलाइन व्यापार के विरोध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संबोधित एक ज्ञापन फतेहपुर सासंद नरेश उत्तम पटेल को उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में सैकड़ों व्यापारियों के साथ में मिलकर दिया गया। कहा गया कि ऑनलाइन व्यापार की वजह से स्थानीय व्यापारियों के सामने भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसा ही अगर चलता रहा तो आने वाले समय में यह और भयावह स्थिति पैदा करेगी। इसलिए देश के प्रधानमंत्री से अपील है कि ऑनलाइन व्यापार को बंद करें जिससे कि स्थानीय व्यापारियों की जिंदगी और उनकी रोजी-रोटी चल सके।