फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीठासीन अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए और मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाताओं की पहचान, मतपत्रों के सही प्रयोग, मतपेटी तैयार करने एवं उसे सील करने तथा मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
पंचायतों के निर्माण कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम
हाथरस। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायती राज विभाग के विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पंचायत भवनों, अंत्येष्टि स्थलों, शौचालयों, केंद्रीय एवं राज्य वित्त आयोग से संबंधित कार्यों तथा भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधूरे पंचायत भवनों का निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी, पंचायत लर्निंग सेंटर और जनसेवा केंद्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने पंचायत सहायकों के रिक्त पदों पर भर्ती और उनके मानदेय भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की।
स्कूल बस और कंटेनर की भिड़ंत में चालक-परिचालक समेत 15 घायल
हाथरस। सासनी क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे समामई स्थित पेट्रोल पंप के सामने स्कूल बस और कंटेनर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बस चालक, परिचालक और शिक्षण स्टाफ समेत कुल 15 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीएलएस स्कूल की बस संख्या यूपी 86 टी-8797 अलीगढ़ की ओर से बच्चों और स्टाफ को लेकर हाथरस आ रही थी। इसी दौरान हाथरस की ओर से जा रहे कंटेनर संख्या आरजे 11 जीबी 8878 से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे लोग और राहगीर मौके पर जुट गए।
गाजे-बाजे के साथ निकाली गई मां कैला देवी की भव्य पोशाक यात्रा
फिरोजाबाद। मां राजराजेश्वरी कैला देवी की भव्य पोशाक यात्रा धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग माता रानी के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु बैंड-बाजों की धुनों पर माता रानी के भजनों पर झूमते और नाचते हुए आगे बढ़े। मां कैला देवी की पोशाक यात्रा कोटला रोड स्थित पथवारी माता मंदिर से प्रारंभ हुई। यात्रा रामलीला चौराहे से होते हुए मां कैला देवी मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालु सिर पर मां की पावन पोशाक धारण कर श्रद्धा और विश्वास के साथ चल रहे थे। बैंड-बाजों की मधुर धुनों और माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मां की पोशाक मंदिर में अर्पित कर अपनी आस्था व्यक्त की। साथ ही माता रानी से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। पोशाक यात्रा में आनंद अग्रवाल, मुकेश वर्मा, अंकित, राजीव बंसल सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
वोट चोरी के विरोध में राहुल गांधी के आह्वान पर दिल्ली में पैदल मार्च, मथुरा के कांग्रेसी भी हुए शामिल
श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सोमवार को दिल्ली में कथित वोट चोरी के विरोध में पैदल मार्च निकाला गया। बाराखंबा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित इस मार्च में मथुरा जनपद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। मार्च के माध्यम से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। पूर्व मंत्री पंडित श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों से लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। पार्टी ने इसे संविधान और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया। मार्च में मथुरा जनपद से कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों के समर्थन में आवाज उठाई।
नवंबर से लगेगा परिवहन मेला, बड़े बकायेदारों से होगी राजस्व वसूली
➤ हर महीने के चौथे शुक्रवार को होगा आयोजन
कानपुर। परिवहन विभाग बड़े बकायेदारों से राजस्व वसूली और आम लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत नवंबर 2026 से मंडल मुख्यालय स्थित परिवहन कार्यालय में हर महीने के चौथे शुक्रवार को परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में बकायेदारों से संपर्क कर लंबित राजस्व की वसूली की जाएगी। साथ ही टैक्स पर लगने वाली पेनाल्टी में विशेष छूट देकर वाहन स्वामियों को राहत देने का प्रयास किया जाएगा। एआरटीओ प्रशासन कहकशां खातून ने बताया कि शासन के निर्देश पर मंडल स्तर पर परिवहन मेले आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत लंबे समय से टैक्स जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों से व्यक्तिगत संपर्क किया जाएगा, ताकि बकाया राजस्व की वसूली में तेजी लाई जा सके। वाहन स्वामियों को वन-टाइम सेटलमेंट के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
हाथरस। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में 21 नवंबर 2026 को सामूहिक विवाह कार्यक्रम प्रस्तावित है। योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय से आवेदन कर जरूरी अभिलेख जमा करने की अपील की है। योजना के तहत हाथरस के पात्र बालिग युवक-युवतियां, विधवा और तलाकशुदा महिलाएं निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी नजदीकी जनसेवा केंद्र (सीएससी) के माध्यम से या विभागीय वेबसाइट पर स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थियों को आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेज खंड विकास अधिकारी कार्यालय में जमा करने होंगे। वहीं, शहरी क्षेत्र के आवेदक नगर पालिका या नगर पंचायत कार्यालय में अभिलेख जमा करेंगे।
सतीश महाना से मिले विक्रम जीनवाल वाल्मीकि, अलीगढ़ की समस्याओं पर की चर्चा
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं महर्षि वाल्मीकि सेना उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम जीनवाल वाल्मीकि ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से उनके कानपुर स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अलीगढ़ क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। विक्रम जीनवाल वाल्मीकि ने अंगवस्त्र और पगड़ी पहनाकर तथा भगवान श्रीराम दरबार भेंट कर विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुलाकात के दौरान सतीश महाना ने अलीगढ़ क्षेत्र की परिस्थितियों की जानकारी ली। वहीं, विक्रम जीनवाल ने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके समाधान की दिशा में चर्चा की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने विक्रम जीनवाल वाल्मीकि और महर्षि वाल्मीकि सेना की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। बैठक में सामाजिक एवं संगठनात्मक विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की शोभायात्रा कल, तैयारियां पूरी
फिरोजाबाद। जिला राठौर सभा की ओर से राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की भव्य शोभायात्रा 12 अक्टूबर को निकाली जाएगी। शोभायात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा। इससे पहले 11 अक्टूबर को सुबह आठ बजे बाइक रैली निकाली जाएगी। सभा के जिलाध्यक्ष रश्मिकांत राठौर ने बताया कि शोभायात्रा करबला की पुलिया स्थित राठौर धर्मशाला से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड, विवेकानंद चौक, सेंट्रल चौराहा, गंज चौराहा, सदर बाजार, घंटाघर और नालबंद चौराहे से होते हुए थाना रसूलपुर स्थित राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा स्थल पर पहुंचेगी। यहां शोभायात्रा सभा के रूप में परिवर्तित हो जाएगी, जहां अतिथियों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि महापौर कामिनी राठौर शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।
मतदाता सूची में छूटे पात्रों और युवाओं के नाम जोड़ने पर जोर
फिरोजाबाद। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण-2026 के तहत छूटे हुए पात्र नागरिकों और युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। साथ ही महिला मतदाताओं का अनुपात बढ़ाने के उद्देश्य से छूटी हुई महिलाओं और नवविवाहिताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में विशेष पुनरीक्षण-2026 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और उप जिलाधिकारी शामिल हुए। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहने देना है। इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और पात्र नागरिकों को चिह्नित कर नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाएंगे। पात्र नागरिक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं।
Jansaamna