मथुरा। वृंदावन के वाराह घाट पर पहुंचकर यमुना नदी में सीधे गिर रहे गंदे नालों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इन सभी नालों को टेप करके सीवेज लाइन के माध्यम से सीवेज प्लांट तक पानी पहुंचाया जाए, ताकि यमुना जी को प्रदूषण मुक्त किया जा सके।
संस्था के अध्यक्ष विवेक महाजन एडवोकेट ने बताया कि मौजूदा समय में वृंदावन में 5 एमएलडी और 7 एमएलडी क्षमता के दो सीवेज प्लांट होने के बावजूद शहर का सारा गंदा पानी और सीवर का मल-मूत्र सीधे यमुना में बहाया जा रहा है, जिससे नदी का अस्तित्व खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अरबों रुपया खर्च होने के बाद भी यमुना का जल शुद्ध नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इसे गम्भीरता से लेते हुए नालों को टेप करवाए।
कांग्रेसियों ने हिमांशु कुमार सिंह का किया स्वागत
फिरोजाबाद। हिमांशु कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस पश्चिम का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
सचिव उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी डॉ. प्रकाशनिधि गर्ग एवं अध्यक्ष जिला युवक कांग्रेस चाँद कुरैशी के नेतृत्व में हिमांशु कुमार सिंह का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। डॉ. प्रकाशनिधि गर्ग ने कहा कि हिमांशु कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस पश्चिम का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर मैं बधाई एवं शुभकामनाएँ दी है। हिमांशु सिंह युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने, युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे। आज देश के युवाओं को रोजगार, शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए एक मजबूत आवाज की आवश्यकता है।
स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की जांच कर दिया परामर्श
-सेवा सदन आयुर्वेदित चिकित्सा केंद्र ने जरूरतमंदों को उपलब्ध कराईं औषधियां
फिरोजाबाद। सेवा सदन आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र द्वारा एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परामर्श शिविर श्रीमती भगवती देवी अग्रवाल बालिका विद्यालय चौकीगेट पर आयोजित किया गया। शिविर में नगर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे 100 से ज्यादा मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. चंद्रप्रकाश दीक्षित एवं डॉ. अंकुर गुप्ता ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। इस दौरान मरीजों का रक्तचाप (बीपी), शुगर, वजन सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयुर्वेद विशेषज्ञों ने बवासीर, कब्ज, गैस, अम्लपित्त, जोड़ों के दर्द सहित अन्य सामान्य रोगों से संबंधित 100 से अधिक मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया और आवश्यक औषधियां उपलब्ध कराईं। आयोजक प्रवीण अग्रवाल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के माध्यम से सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराना है।
फूल बंगला और छप्पन भोग के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
-महाआरती के बाद हुआ अष्टमेवा प्रसाद हुआ वितरण
फिरोजाबाद। नवदुर्गा मंदिर परिवार समिति द्वारा नवदुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में फूल बंगला एवं छप्पन भोग सजाया गया। माता रानी के दिव्य और भव्य दर्शन करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
मंदिर के महंत महेंद्र मिश्रा ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव की तैयारियां कई दिन पहले से शुरू कर दी गई थीं। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। रविवार सुबह आठ बजे से फूल बंगला एवं छप्पन भोग के दर्शन शुरू हुए। शाम सात बजे माता रानी की महाआरती की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं को अष्टमेवा प्रसाद वितरित किया गया। रविवार रात 10 बजे से श्री चंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया। वहीं 19 अक्टूबर को शाम सात बजे महाआरती एवं छप्पन भोग प्रसाद वितरण किया जाएगा। मंगलवार को हनुमान रोड स्थित राजेंद्र विश्राम गृह में दोपहर एक बजे से 108 कन्या-लांगुर पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों ने सदर विधायक से लगाई गुहार
-प्रदेश सरकार की ओर से मानदेय में की गई वृद्धि का लाभ नहीं मिलने का लगाया आरोप
फिरोजाबाद। राजकीय मेडिकल कॉलेज में कार्यरत आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को प्रदेश सरकार की ओर से मानदेय में की गई वृद्धि का लाभ नहीं मिलने का मामला सामने आया है। कर्मचारियों ने सदर विधायक मनीष असीजा से उनके आवास पर मुलाकात कर अपनी समस्या रखी।
उन्होंने बताया कि शासन की ओर से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि किए जाने के बावजूद संबंधित कंपनी पुराने मानदेय के आधार पर ही भुगतान कर रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कर्मचारियों की शिकायत पर विधायक मनीष असीजा ने तत्काल पहल करते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश गोयल और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन के आदेशों का अक्षरशः पालन कराया जाए और मानदेय में की गई वृद्धि का लाभ सभी सफाई कर्मचारियों को दिलाया जाए।
रंगों के माध्यम से आपसी प्रेम, एकता और विश्व बंधुत्व का दिया संदेश
-चित्रकला प्रतियोगिता में 936 बच्चों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
फिरोजाबाद। आदर्श विकास संस्थान की ओर सेएमजी गर्ल्स इंटर कॉलेज, में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। चार वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 936 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता की थीम एक राष्ट्र-एक परिवार, हमारा हो संयुक्त परिवार-सुखी परिवार तथा ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ रही। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रंगों के माध्यम से संयुक्त परिवार की महत्ता, आपसी प्रेम, एकता और विश्व बंधुत्व का संदेश दिया।
आयोजक राजेश दुबे ने कहा कि घर ही बच्चे का पहला संसार है और संयुक्त परिवार सुखी समाज की मजबूत नींव है। साथ ही आगामी दिसंबर में आयोजित होने वाली सामान्य ज्ञान एवं गणित प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं में बच्चों को निःशुल्क प्रतिभाग कराने के उद्देश्य से 46,800 रुपये मूल्य के गिफ्ट कार्ड वितरित किए गए। देवब्रत पांडेय, डॉ. कविता द्विवेदी, डॉ. सुनील भारद्वाज और जीवन ज्योति हॉस्पिटल के डॉ. दीपक गुप्ता के जन्मोत्सव के अवसर पर उनके सहयोग से ये कार्ड उपलब्ध कराए गए। इनके माध्यम से बच्चे आगामी प्रतियोगिताओं में बिना शुल्क के प्रतिभाग कर सकेंगे।
भगवान राम की आरती के बाद रामलीला का किया शुभारम्भ
-मेघनाथ के शक्तिबाण से लक्ष्मण हुए मूर्छित, रामदल में पसरा सन्नाटा
फिरोजाबाद। सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति लेबर कॉलोनी की रामलीला मंचन का शुभारंभ एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद द्वारा भगवान राम की आरती उतार कर किया गया।
अंगद के रामादल में लौटने के बाद रावण और राम की सेना दोनों आमने सामने आ जाती है। राम की तरफ से लक्ष्मण और रावण की तरफ से मेघनाथ युद्व करते है। दोनों में भयंकर युद्ध होता है। मेघनाथ लक्ष्मण के शक्ति बाण मार देता है लक्ष्मण मूर्छित होकर गिर पड़ते हैं। हनुमान जी लक्ष्मण को लेकर रामा दल में आते हैं। राम दुखी होते हैं और कोई उपचार पूछते हैं। तभी विभीषण बताता है लंका में सुसैन नाम का एक वैध है, वहीं लक्ष्मण का उपचार कर सकते है। राम की आज्ञा से हनुमान जी लंका से सुसैन वैध को लेकर आते हैं। वैध जी लक्ष्मण की तबीयत को देखते है और कहते है हिमालय पर्वत पर संजीवनी बूटी है, सुबह होने तक अगर वह आ जाएगी तो लक्ष्मण के प्राण बच जाएंगे। हनुमान जी संजीवनी बूटी लेने हिमालय पर्वत पर जाते हैं, रावण को पता चलता है कि हनुमान जी संजीवनी बूटी लेने जा रहे हैं, तो वह कालनेमी से हनुमान की रास्ता रूकवाता है। हनुमान जी कालनेमी का वध कर देते हैं और संजीवनी बूटी लेने हिमालय पर पहुंच जाते हैं। तो पूरा पार्वत ही उखाड़ लाते हैं। सुबह होते ही राम दल में पहुंच जाते हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एसएसआर की तैयारियां शुरू
घाटमपुर, कानपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा क्षेत्र 218 घाटमपुर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण और विशेष अभियान दिवसों की जानकारी दी।
एसडीएम एवं ईआरओ अबिचल प्रताप सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्था की प्रक्रिया दो नवंबर 2026 तक पूरी की जानी है। इसके बाद 12 नवंबर को एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो 11 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इस अवधि में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और अपात्र प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी।
राजनैतिक भागीदारी के लिए एकजुट हुआ वैश्य समाज
-महासम्मेलन के द्वारा दिखायेगा ताकत
ऊंचाहार, रायबरेली। राजनैतिक भागीदारी के लिए संपूर्ण वैश्य समाज एकजुट हुआ है। अपनी ताकत दिखाने के लिए समाज के सभी उपवर्ग रायबरेली में महा सम्मेलन के द्वारा अपनी ताकत दिखाएंगे। उनका संदेश सभी राजनैतिक दलों के लिए होगा ।
रविवार को नगर पंचायत के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरबी वैश्य ने दी।
उन्होंने बताया कि संपूर्ण वैश्य समाज की रायबरेली जिले कई विधानसभाओं में खासी संख्या है। प्रदेश स्तर पर यह संख्या काफी अधिक है। वैश्य समाज के लोग हर क्षेत्र में आगे है। किंतु राजनीति में हमको अपेक्षित भागीदारी नहीं मिल पा रही है। इसी मुद्दे को लेकर आगामी 27 अक्टूबर को रायबरेली के रिफार्म क्लब में वैश्य महा सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
संगठन के जिलाध्यक्ष राज कुमार गुप्ता ने बताया कि वैश्य समाज के सभी उपवर्ग आने वाले चुनावों में उसी दल का साथ देंगे, जो दल हमारे समाज को अधिक टिकट देगा।
मिशन शक्ति पिंक सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों का निस्तारण
घाटमपुर, कानपुर। स्थानीय तहसील कार्यालय सभागार में मिशन शक्ति के तहत पिंक तहसील दिवस का आयोजन अपर जिलाधिकारी सप्लाई राकेश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। यहाँ पर एक दिन के लिए राजकीय बालिका विद्यालय की छात्रा दीक्षा शर्मा को एसडीएम व दिव्या साहू को तहसीलदार बनाया गया। छात्राओं ने तहसील कार्यालय सभागार में पहुंचकर आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बैठकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 69 पुलिस विभाग की 23 विकास विभाग की 19, नगर पालिका, विद्युत, आपूर्ति विभाग, की 10-10 जल निगम जिला समाज कल्याण कृषि वन विभाग आदि की कुल 154 शिकायती प्रार्थना पत्र आए जिनमें 14 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
Jansaamna