फिरोजाबाद। मानव जीवन अज्ञान को दूर करने तथा आत्मा और प्रकृति के रहस्यों को उद्घाटित करने के लिए मिला है, लेकिन मानव मोह-माया के जाल में फंसकर अपने जीवन के लक्ष्य को भूल जाता है। यह उपदेश वैज्ञानिक संत आचार्य निर्भय सागर महाराज ने जैन नगर खेड़ा स्थित जैन मंदिर में श्रद्धालुओं को दिए।उन्होंने कहा कि मानव जीवन में परोपकार, क्षमा, दया, सहयोग, सद्भावना और नैतिक कार्य करने चाहिए। सत्ता, पद, प्रतिष्ठा और विषय-भोग में फंसा हुआ व्यक्ति अपने लक्ष्य से भटक जाता है और जीवन में कुछ भी उपलब्ध नहीं कर पाता।
गाजे-बाजे के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
➤ रथयात्रा का मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर हुआ स्वागत
फिरोजाबाद। भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा आस्था, श्रद्धा और उत्साह के वातावरण के बीच निकली। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग पर ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष गूंजते रहे। रंग-बिरंगे फूलों से सजे रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा राधाकृष्ण मंदिर से प्रारम्भ हुई, जो घंटाघर चौराहा, सदर बाजार, गंज चौराहा, सिनेमा चौराहा, जलेसर रोड, शिवाजी मार्ग, पुराना डाकखाना चौराहा, हनुमान रोड होते हुए कैला देवी मंदिर पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। भगवान जगन्नाथ के रथ को श्रद्धालुओं ने रस्सी खींचकर आगे बढ़ाया। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
Read More »आषाढ़ की बारिश….
अब की बरसी तो जोर से बरसी…मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने रेलवे अधिकारियों के साथ की बैठक
मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेला (23 जुलाई से 30 जुलाई 2026) के सफल एवं सुचारु आयोजन को लेकर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के सुरक्षित चढ़ने और उतरने की सुविधा के लिए ट्रेनों के प्लेटफॉर्म पर ठहराव का समय बढ़ाया जाए। श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने तथा यात्रियों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने मथुरा जंक्शन एवं गोवर्धन रेलवे स्टेशन की आकर्षक साज-सज्जा कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रवेश द्वारों को झालर एवं तिरंगा लाइटिंग से सजाया जाए। साथ ही स्टेशनों पर सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएं तथा यात्रियों की सुविधा के लिए सभी एंट्री प्वाइंट पर होल्डिंग एरिया बनाए जाएं।
28 जून को हाथरस आएंगे मुख्यमंत्री, विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास
हाथरस। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 28 जून 2026 (रविवार) को हाथरस जनपद का प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा जिला प्रोटोकॉल एवं संपर्क अधिकारी प्रशांत तिवारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री प्रातः 11:30 बजे सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। यहां वह जनपद की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करते हुए सरकार की विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, मंच एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम का सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रशासन अलर्ट, कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई
फिरोजाबाद। लखनऊ में हाल ही में हुए अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने जनसुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। जिलेभर में फायर सेफ्टी मानकों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को प्रशासनिक और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और कंप्यूटर संस्थानों का निरीक्षण किया। वहीं जिला अस्पताल परिसर के विभिन्न भवनों में भी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट विनोद पांडेय, सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सत्येंद्र पांडेय के नेतृत्व में टीम ने स्टेशन रोड स्थित झा क्लासेज और आरके लाइब्रेरी समेत अन्य संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर दो कोचिंग सेंटरों को सीज कर दिया गया।
डीएम-एसएसपी ने ट्रॉमा सेंटर और सौ शैया अस्पताल का किया निरीक्षण
फिरोजाबाद। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद जिले में चलाए जा रहे फायर सेफ्टी अभियान के तहत मंगलवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पांडेय और नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय ने जिला अस्पताल परिसर स्थित 100 शैया अस्पताल, 200 शैया अस्पताल, एसएनएसयू वार्ड तथा ट्रॉमा सेंटर का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पतालों में उपलब्ध अग्निशमन और आपदा प्रबंधन संसाधनों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर, आपातकालीन निकास मार्ग, अलार्म सिस्टम तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता का परीक्षण किया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अस्पताल प्रशासन से अग्निशमन उपकरणों के संचालन और रखरखाव की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी उपकरण हर समय पूरी तरह क्रियाशील अवस्था में रहें। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
व्यापारियों ने नगर निगम के खिलाफ खोला मोर्चा
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल महानगर के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर नगर आयुक्त प्रशांत नागर को विभिन्न जनहित और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को लेकर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने कई विकास कार्यों में अनियमितताओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा शहर की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। महानगर अध्यक्ष अम्बेश शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में वार्ड संख्या-49 स्थित हनुमान रोड पर लगभग 49 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित विकास कार्य में कथित अनियमितताओं की जांच कर प्रस्तावक एवं एस्टीमेट तैयार करने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। इसके साथ ही इसी वार्ड में लगभग 25 लाख रुपये की पाइपलाइन योजना में सामने आई अनियमितताओं की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दोषी अधिकारियों और प्रस्तावकों पर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई गई।
निबंधन विभाग के निजीकरण के विरोध में आंदोलन जारी
हाथरस। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निबंधन (रजिस्ट्री) विभाग के प्रस्तावित निजीकरण के विरोध में अधिवक्ताओं, कातिबों, स्टाम्प विक्रेताओं और टाइपिस्टों का संयुक्त आंदोलन मंगलवार को चौदहवें दिन भी जारी रहा। उप-पंजीयक कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन और कलमबंद हड़ताल के माध्यम से आंदोलनकारियों ने सरकार से निजीकरण का प्रस्ताव वापस लेने की मांग की। आंदोलन को उस समय और बल मिला जब समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सिकन्द्राराऊ विधानसभा क्षेत्र से संभावित प्रत्याशी ललित कुमार बघेल धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर निजीकरण से संभावित रोजगार संकट और आम जनता पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी।
बेसमेंट में संचालित लाइब्रेरी पर प्रशासन सख्त
हाथरस। जनपद में सार्वजनिक सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने विभिन्न पुस्तकालयों एवं कोचिंग संस्थानों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों और भवन उपविधियों के उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए तीन लाइब्रेरी को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रोग्रेस पॉइंट लाइब्रेरी, भारद्वाज लाइब्रेरी तथा प्रेमहरि लाइब्रेरी का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि तीनों लाइब्रेरी भवनों के बेसमेंट में संचालित की जा रही थीं। इस पर उन्होंने संचालकों से भवन मानचित्र, अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) तथा विद्युत सुरक्षा संबंधी अभिलेखों की जानकारी ली।
Jansaamna