हाथरस, सासनी। राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने शुक्रवार को सासनी तहसील परिसर में जनसुनवाई कर पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रेनू गौड़ सासनी तहसील पहुंचीं, जहां उन्होंने दर्जनों महिलाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों में मौके पर ही समाधान की कार्रवाई की गई, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीएम सासनी नीरज शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जनसुनवाई के उपरांत रेनू गौड़ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त गंदगी को देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और चिकित्सा प्रभारी को तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
मुख्य समाचार
थाना प्रभारी की अनूठी पहल: गांव में जाकर की पीस कमेटी बैठक
जगतपुर, रायबरेली। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने को लेकर जगतपुर थाना प्रभारी अजय कुमार राय ने एक सराहनीय पहल करते हुए रघुरारगंज गांव में जाकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। इस बैठक का उद्देश्य था कि आगामी पर्व सौहार्द, शांति और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हो सके। गांव के पंचायत प्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों और युवाओं की मौजूदगी में थाना प्रभारी ने सभी से संवाद करते हुए कहा कि त्योहार समाज को जोड़ने का माध्यम होते हैं और इन्हें मिल-जुलकर मनाने से सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है। बैठक में उपस्थित उपनिरीक्षक अमित सिंह, नागेंद्र, ऋषिकेश सहित कांस्टेबल पवन कुमार और धर्मेंद्र ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है। किसी भी तरह की अफवाह या अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने किया ‘डायरिया रोको अभियान’ का शुभारंभ
मथुरा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजीव यादव ने गुरुवार को मथुरा जनपद के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, लक्ष्मीनगर से ‘डायरिया रोको अभियान’ (स्टॉप डायरिया कैंपेन) का शुभारंभ किया। यह अभियान आगामी 31 जुलाई तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए सीएमओ डॉ. यादव ने कहा कि शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को डायरिया से सुरक्षित रखना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम “डायरिया की रोकथाम, सफाई और ओआरएस से रखें अपना ध्यान” तय की गई है। सीएमओ ने इस अवसर पर छोटे बच्चों को ओआरएस के पैकेट और जिंक की गोलियां वितरित कीं और उनके प्रयोग की जानकारी विस्तार से दी।
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में विधायक जयकुमार सिंह जैकी बोले – लोगों को मिल रहा योजनाओं का लाभ
बिंदकी, फतेहपुर। अमेना गांव के पंचायत भवन में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि अधिक से अधिक लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले। इस तरह के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। विधायक ने कहा कि चिकित्सा टीमें सीधे गांवों में पहुंचकर लोगों की जांच करती हैं और उन्हें निःशुल्क दवाएं भी देती हैं। यह एक सराहनीय प्रयास है जिससे ग्रामीणों को घर के पास ही इलाज की सुविधा मिलती है। शिविर के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी के अधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि खजुहा ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगातार इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस शिविर में कुल 80 लोगों की जांच की गई और उन्हें निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
नेता प्रतिपक्ष पर हमले के विरोध में समाजवादी युवजन सभा का धरना प्रदर्शन
कानपुर। गोरखपुर में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में गए समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल पर हुए हमले के विरोध में समाजवादी युवजन सभा कानपुर महानगर की ओर से धरना प्रदर्शन किया गया। यह धरना गौशाला चौराहा पर महानगर अध्यक्ष अर्पित त्रिवेदी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। धरना स्थल पर समाजवादी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। अर्पित त्रिवेदी ने कहा कि जब भाजपा सरकार में नेता प्रतिपक्ष और विधायक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की क्या गारंटी रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र पूरी तरह समाप्त होता जा रहा है और कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। धरने के दौरान किदवई नगर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार को महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की गई। साथ ही नेता प्रतिपक्ष की सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की गई।
कांग्रेस ने कुचली थी प्रेस की स्वतंत्रता, न्यायपालिका की निष्पक्षता और मौलिक अधिकार : अनूप गुप्ता
फिरोजाबाद। भाजपा जिला व महानगर द्वारा संयुक्त रूप से 25 जून 1975 आपातकाल के दुःखद व काले अध्याय की 50 वीं बरसी पर फिरोजाबाद क्लब में संगोष्ठी, आपातकाल (काला दिवस की प्रदर्शनी) व लोकतंत्र सेनानियों एवं उनके परिवारजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों, महान विभूतियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री व एमएलसी अनूप गुप्ता ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की और फिर ‘आपातकाल : काला दिवस’ विषय पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर उसका अवलोकन किया। अनूप गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 1975 में सत्ता बचाने के लिए न सिर्फ लोकतंत्र का गला घोंटा, बल्कि प्रेस की स्वतंत्रता, न्यायपालिका की निष्पक्षता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को भी कुचल डाला। उन्होंने कहा कि आज भी कांग्रेस लोकतंत्र को तभी स्वीकारती है जब सत्ता उसके पास हो। उन्होंने बताया कि किस प्रकार तत्कालीन प्रधानमंत्री ने अपने चुनाव को निरस्त किए जाने के बाद सत्ता की लिप्सा में देश पर आपातकाल थोप दिया। लाखों लोगों को जेल में डाल दिया गया, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता छीन ली गई और संविधान के मूल सिद्धांतों को रौंदा गया।
स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए शुरू हुई स्कूल पेयरिंग नीति : जिलाधिकारी
फिरोजाबाद। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सरकारी स्कूलों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘‘स्कूल पेयरिंग नीति’’ को लेकर जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कहा कि पिछले 5 से 7 वर्षों में शिक्षकों के प्रयासों से शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। स्कूल पेयरिंग नीति सरकार की एक दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य स्कूलों को बंद करना नहीं, बल्कि उन्हें और अधिक सशक्त व संसाधनयुक्त बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विद्यालयों में बच्चों की संख्या बहुत कम है, वहां के बच्चों को पास के किसी अन्य स्कूल में समायोजित किया जाएगा, जिससे कक्षाएं पूरी तरह भरी रहेंगी और विद्यार्थियों के बीच संवाद व सामूहिक गतिविधियों में बढ़ोत्तरी होगी। इस नीति के तहत एक स्कूल को प्री-प्राइमरी के लिए तथा दूसरे को प्राइमरी व मिडिल क्लास (कक्षा 1 से 5 व 6 से 8) के लिए नामित किया जा रहा है। इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, खेल मैदान जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
आपातकाल की 50वीं बरसी पर भाजपा कार्यालय पर हुआ सेमिनार, लोकतंत्र सेनानियों को किया गया सम्मानित
हाथरस। भाजपा जिला कार्यालय पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल के काले अध्याय की 50वीं बरसी के अवसर पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छविचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर हाथरस भाजपा कार्यालय में आपातकाल विषय पर आधारित प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया गया और उसका अवलोकन भी किया गया। कार्यक्रम में आपातकाल के दौरान जेल भेजे गए जिले के वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानियों को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मंत्री लक्ष्मीनारायण ने अपने संबोधन में कहा कि 25 जून 1975 की रात कांग्रेस ने आंतरिक अस्थिरता का बहाना बनाकर देश पर आपातकाल थोप दिया। यह कोई युद्ध या विद्रोह की स्थिति नहीं थी, बल्कि एक डरी हुई प्रधानमंत्री की सत्ता बचाने की कोशिश थी।
हटवा माइनर की सफाई न होने से दर्जनों गांवों की फसलें प्रभावित, ग्रामीणों में गहरा आक्रोश
ऊंचाहार, रायबरेली। तहसील क्षेत्र के हटवा गांव में हटवा अल्पिका माइनर की सफाई और जर्जर स्थिति को लेकर किसानों और ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि हटवा अल्पिका (माइनर) बदहाल और जर्जर होने के कारण इससे जुड़े हुए सभी किसान आये दिन परेशानियों का सामना कर रहे हैं, माइनर की सफाई व खुदाई न होने के कारण माइनर की पटरी पर बांस, घास व कंटीली झाड़ियाँ उग आई है। जिसके चलते माइनर कट जाती है और माइनर का पानी बहता रहता है। इन कारणों से खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है।
पूत बना कपूत, लाठियों से मारपीट कर पिता का तोड़ा पैर
फतेहपुर। जिस घर मे औलाद नही होती उस घर मे लोग जगह-जगह मन्नत मुराद मांगते है की जिंदगी की एक औलाद हो जाये और फिर जिस घर मे औलाद पैदा होती है उस घर मे खुशियां मनाई जाती है। पटाखे छुड़ाए जाते हैं एक दूसरे को मिठाई खिला कर मुंह मीठा कराया जाता है। इस खुशी में कि यही औलाद माँ बाप के बुढ़ापे का सहारा बनेगी उनका कुल आगे चलाएगी, माता पिता का नाम रोशन करेगी। मगर जब वही औलाद बड़ी होकर बूढ़े माँ-बाप पर लाठियां बरसा कर उनका पैर तोड़ दे तो ऐसी औलाद को ही पूत बना कपूत कहा जाता है।
आपको बताते चले ऐसा ही एक मामला फतेहपुर जिले के हुसैमगंज थाना क्षेत्र के घुरी सलेमपुर गाँव का है। जहाँ स्व. बुदधा के 65 वर्षीय वृद्ध पुत्र राम देव को उसके पुत्र शमशेर ने लाठी से मारपीट कर उसका पैर तोड़ कर घायल कर दिया।
Jansaamna