Tuesday, November 10, 2026
Home » मुख्य समाचार » अलीगढ़ रोड से आगरा रोड तक नया बाईपास बनाने की मांग

अलीगढ़ रोड से आगरा रोड तक नया बाईपास बनाने की मांग

♦ मानव कल्याण संस्था ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
♦ रूहेरी-किदौली-चिंतापुर होकर निकालने का प्रस्ताव
हाथरस। शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने, यातायात व्यवस्था सुगम बनाने और पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था मानव कल्याण ने गंग नहर की पटरियों को पक्का कर रिवर फ्रंट विकसित करने तथा अलीगढ़ रोड से आगरा रोड तक नया रिंग रोड (बाईपास) बनाने की मांग उठाई है। इस संबंध में संस्था ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर योजना पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।ज्ञापन में कहा गया है कि हाथरस ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाला जनपद है। शहरी विस्तार, बढ़ती आबादी और वाहनों के दबाव के कारण शहर में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं, शहर में ऐसा सुव्यवस्थित पारिवारिक पर्यटन स्थल भी नहीं है, जहां लोग परिवार के साथ समय बिता सकें। इन समस्याओं के समाधान के लिए संस्था ने गंग नहर को जनोपयोगी स्वरूप देने का प्रस्ताव रखा है।संस्था ने प्रस्तावित रिंग रोड का मार्ग अलीगढ़ रोड से शुरू कर रूहेरी, किदौली और चिंतापुर होते हुए आगरा रोड तक जोड़ने का सुझाव दिया है। संस्था का कहना है कि नहर और बंबा की पटरियों के किनारे इस बाईपास के निर्माण से भारी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश करने की आवश्यकता कम होगी। इससे जाम और प्रदूषण की समस्या में राहत मिलेगी। साथ ही शहर की प्रमुख सड़कें आपस में जुड़ेंगी और एंबुलेंस तथा फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी सुगम रास्ता मिल सकेगा।ज्ञापन में नहर की दोनों पटरियों को सीमेंटेड कर घाट, पैदल मार्ग, रंगीन प्रकाश व्यवस्था, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और जलक्रीड़ा सुविधाएं विकसित करने की मांग भी की गई है। संस्था का कहना है कि बुलंदशहर और कासगंज की नहरों की तर्ज पर गंग नहर को विकसित किया जाए तो यह शहर के लिए आकर्षक पर्यटन स्थल बन सकती है। इससे नहर किनारे अतिक्रमण और गंदगी की समस्या पर भी नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी। स्थानीय लोगों को सुबह-शाम टहलने और योग करने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।संस्था के अनुसार रिंग रोड और रिवर फ्रंट दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से शहर के सौंदर्यीकरण के साथ छोटे दुकानदारों, होटल व्यवसायियों और परिवहन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और जिले की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।मुख्यमंत्री से मांग करने वालों में संस्था के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय, मुख्य संरक्षक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश बल्लभ वशिष्ठ, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र वार्ष्णेय, संरक्षक श्याम सुंदर माहेश्वरी, लीगल एडवाइजर सुनील वर्मा एडवोकेट सहित शहर के अन्य लोग शामिल रहे। संस्था ने सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से संयुक्त सर्वे कराकर दोनों परियोजनाओं को स्वीकृति देने तथा शीघ्र कार्यवाही शुरू कराने की मांग की है।