♦ 4 हजार पौधे रोपकर दिया हरित भविष्य का संदेश
♦ सोलर कार पोर्ट, 160 किलोवाट रूफटॉप सोलर प्लांट और वर्षा जल संचयन परियोजनाओं का हुआ शुभारंभ
ऊँचाहार। एनटीपीसी ऊँचाहार ताप विद्युत परियोजना में एनटीपीसी का 52वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ 7 नवंबर मनाया गया। इस अवसर पर वृक्षारोपण अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। साथ ही परियोजना परिसर में कई विकासात्मक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी योजनाओं का उद्घाटन कर स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।
स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ अरखा ऐश डाइक के निकट जिला वन विभाग के सहयोग से आयोजित वृक्षारोपण अभियान के साथ हुआ। अभियान के दौरान लगभग चार हजार पौधे रोपे गए। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इसके बाद डॉ. अंबेडकर सभागार में एनटीपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्य समारोह प्रशासनिक भवन परिसर में परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक बिस्वा मोहन सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ। उन्होंने ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान एनटीपीसी गीत का सामूहिक गायन भी हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख बिस्वा मोहन सिंह ने एनटीपीसी की गौरवशाली यात्रा, विद्युत उत्पादन में उत्कृष्टता तथा राष्ट्र के विकास में कंपनी के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने परियोजना की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कर्मचारियों के परिश्रम, समर्पण और सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी की सफलता कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, टीम भावना और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कर्मचारियों से भविष्य में भी उत्कृष्टता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर गुब्बारे छोड़ने, केक काटने और एनटीपीसी क्विज सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं, सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
स्थापना दिवस के अवसर पर परियोजना परिसर में कई महत्वपूर्ण विकासात्मक एवं पर्यावरणीय योजनाओं का भी उद्घाटन किया गया। इनमें स्टेज-III सर्विस बिल्डिंग में सोलर कार पोर्ट, डीएम प्लांट स्टेज-I में 160 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट, मेकअप एवं रॉ वाटर पंप हाउस में रॉ वाटर तथा स्टेज-I सीडब्ल्यू सिस्टम के लिए सीओ₂ प्रणाली और रेलवे गेट संख्या-04 के निकट वर्षा जल संचयन कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) दिलीप कुमार साहू, प्रियदर्शिनी लेडीज क्लब की उपाध्यक्षा मीनाक्षी साहू, सीआईएसएफ के अग्निशमन एवं सुरक्षा विभाग के सहायक कमांडेंट, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, सभी विभागाध्यक्ष, लेडीज क्लब की सदस्याएं, कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित रहे।
समारोह के समापन पर एनटीपीसी ऊँचाहार की ओर से विद्युत उत्पादन में उत्कृष्टता के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया। वक्ताओं ने कहा कि एनटीपीसी की गौरवशाली यात्रा देश की ऊर्जा सुरक्षा, तकनीकी प्रगति और राष्ट्र निर्माण में कंपनी के महत्वपूर्ण योगदान की परिचायक है।
Jansaamna