Wednesday, October 28, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार

लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार

फिरोजाबाद। लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को साइबर अपराध टीम और थाना उत्तर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इनके पास से फर्जी आधार कार्ड, बैंक मोहर, पंफलेट, लोन संबंधी फॉर्म, तीन मोबाइल और 30 हजार से अधिक की नगदी बरामद की गई है। एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर सोमवार को साइबर क्राइम टीम और थाना उत्तर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए लोगों के साथ लोन के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को इस्लामियां इंटर कॉलेज के मैदान से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम युवराज उर्फ गौरव पुत्र संजय कुमार निवासी ग्राम पटलौनी थाना बल्देव मथुरा हाल निवासी आस्था सिटी थाना सिकन्दरा आगरा, मनीष यादव पुत्र सर्वेश यादव निवासी सांई क्लासिक कॉलोनी कैलाश रोड सिकन्दरा आगरा और रोहित यादव पुत्र महेश यादव निवासी गढी बाईंपुर, थाना सिकन्दरा आगरा बताया। एसपी सिटी ने बताया कि 29 जनवरी को राजू कुशवाह नाम युवक ने उनके खाते से 50 हजार रुपये का फ्रॉड होने की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह बिजनेस लोन दिलाने के नाम पर आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बुलंदशहर, एटा और मथुरा समेत विभिन्न जिलों में पंफलेट छपवाकर लोगों में बंटवाते हैं और दीवारों पर चस्पा करवाते हैं। लोन संबंधी काल आने पर उनका मोबाइल नंबर अंकित कर लेते हैं। केवाईसी के नाम पर बैंक डिटेल और ओटीपी पूछ लेते हैं। बाद में किसी जनसेवा केंद्र या ओटीपी के जरिए खाते से पैसे निकाल लेते हैं। लोन दिलाने के लिए उसका फार्म भरवाते हैं और लोन का 20 प्रतिशत खाते में छोड़ने के लिए कहते हैं। आरोपी युवराज ने बताया कि उसने बीबीए एवं बैंकिंग डिप्लोमा किया हुआ है। इसीलिए मुझे बैकिंग सिस्टम की अच्छी जानकारी है। फर्जी पफंलेट छापने का आइडिया मैंने दिया था। बाकी ठगी का काम हम लोग मिलकर करते हैं। ठगी का पैसा मिलता है उसे आपस में बांट कर अपना खर्चा करते हैं।