हाथरस। मानव कल्याण सामाजिक संस्था की ओर से ग्राम चिंतापुर में सर्वसुविधायुक्त आधुनिक वृद्धाश्रम एवं अनाथालय का निर्माण कराया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य बेसहारा बुजुर्गों और अनाथ बच्चों को एक ही परिसर में परिवार जैसा आत्मीय वातावरण उपलब्ध कराना है। यहां बुजुर्गों को बच्चों का स्नेह और बच्चों को बुजुर्गों का मार्गदर्शन एवं वात्सल्य मिल सकेगा। संस्था के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय एवं मुख्य संरक्षक वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश बल्लभ ने बताया कि आश्रम का निर्माण आधुनिक तकनीक और आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। परियोजना के माध्यम से दोनों पीढ़ियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। आश्रम परिसर में मंदिर और सत्संग भवन के साथ पर्याप्त हरियाली विकसित की जाएगी। बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए योग एवं फिटनेस सेंटर के साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए परिसर में समुचित प्रबंध किए जाएंगे।
सेवानिवृत्त शिक्षक की अध्यक्षता में शिक्षक संकुल बैठक संपन्न
सलोन, रायबरेली। न्याय पंचायत सलोन देहात की शिक्षक संकुल बैठक प्राथमिक विद्यालय शहबाजपुर में सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद इस्माइल खान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शिक्षक संकुल श्रवण कुमार, अशोक कुमार, रमेश कुमार, अब्दुल्ला उमर, अनुराग श्रीवास्तव, बलवंत सिंह, प्रमोद कुमार, सुमन देवी, साफिया बानो, दशरथ लाल और एसएमसी अध्यक्ष राम प्रकाश मौजूद रहे। बैठक के दौरान बेवली प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक अब्दुल्ला उमर सहित अन्य शिक्षकों ने सहायक शिक्षण सामग्री के माध्यम से अपने-अपने विचार और अनुभव साझा किए। प्रभारी प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार यादव ने शिक्षक अनुभव एवं अवलोकन, बालवाटिका फेस-3 के प्रभावी संचालन, समग्र प्रगति तथा प्रेरणा पोर्टल पर प्रगति रिपोर्ट अपलोड करने संबंधी जानकारी दी। उन्होंने आईसीटी एवं स्मार्ट क्लास के प्रभावी उपयोग, शिक्षण में नवाचार और विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर भी विस्तृत चर्चा की।
मथुरा जंक्शन पर यात्री सुविधाओं का वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने किया निरीक्षण
मथुरा। मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के निर्देशन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, आगरा मंडल अंकित गुप्ता ने मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अंकित गुप्ता ने पे एंड यूज शौचालय, खानपान स्टॉल एवं यूनिट, विश्रामालय सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई और यात्रियों को दी जा रही सेवाओं का अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ खानपान और अन्य सेवाओं में निर्धारित दरों एवं नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यात्रियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया।
भाकियू क्रांति ने खतौनी संशोधन में अवैध वसूली का लगाया आरोप
फिरोजाबाद। भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने किसानों से खतौनी में नाम संशोधन, फार्मर रजिस्ट्री एवं राशन कार्ड बनवाने के नाम पर कथित रूप से अवैध धनराशि लिए जाने तथा पचवान चौराहा और आसपास के क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या का समाधान कराने की मांग प्रशासन से की है। भाकियू क्रांति के जिलाध्यक्ष राहुल यादव एडवोकेट ने एसडीएम सदर को सौंपे ज्ञापन में कहा कि खतौनी में नाम संशोधन कराने के लिए किसानों से एक से दो हजार रुपये तक की धनराशि मांगे जाने की शिकायतें मिल रही हैं। किसानों के अनुसार, नाम संशोधन के आवेदन पर लेखपाल की रिपोर्ट लगाने के नाम पर भी पैसे मांगे जाते हैं और धनराशि न देने पर कार्य लंबित रखा जाता है। इसी प्रकार राशन कार्ड से संबंधित कार्यों में समर्पण के नाम पर कार्ड काटे जाने तथा दोबारा राशन कार्ड बनवाने के नाम पर भी पैसे लिए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
हटाए गए सभी नलकूप ऑपरेटरों को वापस लेने की मांग
फिरोजाबाद। समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम पहुंचा, जहां प्रतिनिधिमंडल ने सहायक नगर आयुक्त निहाल चंद्र को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हटाए गए सभी ठेका नलकूप ऑपरेटरों को एक सप्ताह के अंदर वापस लेने की मांग की गई है। मांग पूरी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है। सपा के पूर्व जिला प्रवक्ता उदयवीर सिंह यादव ने सहायक नगर आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में कहा कि नगर निगम में पिछले कई वर्षों से ठेका नलकूप ऑपरेटरों को बिना किसी सूचना के एक साजिश के तहत संबंधित ठेकेदार द्वारा अधिकारियों की मिलीभगत से हटा दिया जाता है। आरोप है कि हटाए गए नलकूप ऑपरेटरों के स्थान पर मोटी रकम लेकर नए लोगों की तैनाती कर दी जाती है। सपा प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि एक सप्ताह के अंदर हटाए गए सभी नलकूप ऑपरेटरों को जल्द से जल्द पुनः तैनाती दी जाए।
ठेका सफाई कर्मचारी संघ ने नगर निगम में दिया धरना
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेशीय ठेका सफाई कर्मचारी संघ के नेतृत्व में नगर निगम में कार्यरत समस्त ठेका सफाई कर्मचारियों ने आगरा नगर निगम की भांति 15,007 रुपये मासिक वेतन बढ़ाए जाने की मांग को लेकर नगर निगम परिसर में धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रांतीय महामंत्री योगेश सरन और ठेका सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आचार्य कृष्ण मुरारी ने कहा कि इस भीषण महंगाई में ठेका सफाई कर्मचारी अपने परिवार का जीवन-यापन नहीं कर पा रहे हैं। कर्मचारियों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। कई बार निगम प्रशासन को लिखित ज्ञापन देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। मंगलवार को कर्मचारियों के सब्र का बांध टूट गया और वे नगर निगम प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने नगर आयुक्त से 15,007 रुपये की वेतन वृद्धि इसी माह से लागू करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन के दौरान नगर आयुक्त प्रशांत नागर, अपर नगर आयुक्त एवं स्वास्थ्य प्रभारी से वार्ता हुई।
राशन वितरण की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 25 अगस्त तक मिलेगा खाद्यान्न
हाथरस। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत माह अगस्त 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न के वितरण की अंतिम तिथि शासन ने बढ़ाकर 25 अगस्त 2026 कर दी है। पहले खाद्यान्न वितरण की अवधि 5 अगस्त से 18 अगस्त तक निर्धारित थी, लेकिन कांवड़ यात्रा के कारण कई जनपदों में खाद्यान्न का उठान एवं वितरण अपेक्षित गति से नहीं हो सका। आयुक्त, खाद्य तथा रसद विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा 18 अगस्त को जारी निर्देशों के अनुसार सभी पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वितरण की अवधि 25 अगस्त तक बढ़ाई गई है। इस अवधि में ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार आधारित वितरण जारी रहेगा।
Read More »पुरस्कार पाकर 417 मेधावी छात्र-छात्राओं के खिले चेहरे
श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। सर्वोदयी ब्राह्मण विकास संस्थान की ओर से चित्रकूट, मसानी पर 44वां मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 417 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। पुरस्कार और सम्मान पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत शर्मा, स्वामी रामदेवनंद जी महाराज, डॉ. देवेंद्र शर्मा, शोभाराम शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा ‘मुन्ना भैया’, अनिल कौशिक, रोहित सर्राफ, घनश्याम हरियाणा, चेतन स्वरूप पाराशर, पंकज शर्मा एडवोकेट, सोहनलाल शर्मा, नारायण प्रसाद शर्मा, डॉ. जमुना शर्मा, विनीत शर्मा, शशि शर्मा, विजय रिड़वा, पीपी शर्मा एवं मुकुट मणि शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती और भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम संचालिका शशि शर्मा एवं कीर्ति शर्मा के निर्देशन में मां शारदे की वंदना, वंदे मातरम और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
बैंकिंग, बचत एवं साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को किया जागरूक
फिरोजाबाद। नारी जागरण सेवा संस्थान द्वारा आजाद नगर में वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों को बचत, बैंकिंग सेवाओं, बैंकिंग उत्पादों, जमाकर्ताओं के अधिकार, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन और साइबर धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी गई। पार्षद उषा शंखवार ने कहा कि नियमित बचत और बैंकिंग सेवाओं के सही उपयोग से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से डिजिटल लेनदेन करते समय सावधानी बरतने और साइबर ठगी के प्रति जागरूक रहने की अपील की। रविंद्र सिंह ने कहा कि वित्तीय जागरूकता केवल बैंक खाता खुलवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को अपने अधिकारों, बैंकिंग सुविधाओं और सुरक्षित लेनदेन की पूरी जानकारी होना जरूरी है।
स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग की सख्ती, 16 के चालान और छह वाहन निरुद्ध
श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। स्कूली वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर परिवहन विभाग का विशेष सघन जांच एवं चेकिंग अभियान जारी है। 11 से 25 अगस्त तक चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ के तहत मंगलवार को जिले में स्कूली बसों, वैन और निजी एवं अनुबंधित वाहनों की जांच की गई। वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश राजपूत के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान वाहनों की फिटनेस, परमिट, प्राथमिक उपचार बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, चालकों की योग्यता और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। मांट तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में चेकिंग के दौरान स्कूलों में बच्चों को लाने-ले जाने में इस्तेमाल हो रहे चार प्राइवेट ईको वाहनों और बिना वैध प्रपत्रों के संचालित एक स्कूल बस को थाने में निरुद्ध किया गया। परिवहन विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 16 वाहनों के चालान किए गए, जबकि छह स्कूली वाहनों को निरुद्ध किया गया।
Jansaamna