फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश ठेका सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले आउटसोर्सिंग एवं ठेका सफाई कर्मचारियों, ड्राइवरों, हेल्परों, मिस्त्रियों तथा डोर-टू-डोर कर्मचारियों ने वेतन विसंगति दूर करने और बढ़ी हुई दरों से मानदेय भुगतान की मांग को लेकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त के नाम अपर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की गुहार लगाई है। साथ ही मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक वाल्मीकि ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर जब तक ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। यदि 10 दिनों के अंदर, 31 अगस्त 2026 तक हमारी वेतन वृद्धि की मांग पूरी नहीं की गई, तो एक सितंबर से सभी आउटसोर्सिंग कर्मचारी पांच दिनों की पूर्ण कामबंद हड़ताल पर चले जाएंगे। इसके बाद भी मांगें न माने जाने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर निकाली तिरंगा यात्रा
फिरोजाबाद। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशन में गुरुवार को तिरंगा यात्रा निकालकर धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने यात्रा में शामिल होकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाई। तिरंगा यात्रा विकास भवन गेट से शुरू होकर भारतीय स्टेट बैंक कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, दीवानी चौराहा, पेट्रोल पंप और पुलिस चौकी होते हुए विकास भवन परिसर पहुंची। यहां कर्मचारियों ने धरना देकर सरकार से पुरानी पेंशन योजना पुनः लागू करने की मांग की।
आईवी इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थी कैबिनेट का हुआ गठन
फिरोजाबाद। आईवी इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थी कैबिनेट का गठन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। चुनाव में हेड बॉय, हेड गर्ल, स्पोर्ट्स मिनिस्टर, कल्चरल मिनिस्टर एवं डिसिप्लिन मिनिस्टर के पदों के लिए छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। विद्यालय में सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग के लिए अलग-अलग कैबिनेट का गठन किया गया। कक्षा 3 से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक चुनाव में प्रतिभाग किया और अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान कर प्रतिनिधियों का चयन किया। चुनाव के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, अनुशासन एवं मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
बीबीएयू का 11वां दीक्षांत समारोह-2026 29 अगस्त को
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) का 11वां दीक्षांत समारोह-2026 आगामी 29 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। समारोह में वर्ष 2023, 2024, 2025 और 2026 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीक्षांत समारोह को दो चरणों में आयोजित करने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रथम चरण का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में होगा। इस दौरान पीएचडी एवं गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से वैध दीक्षांत पास जारी किया जाएगा। मुख्य समारोह के दौरान मंच पर प्रत्येक वर्ष के विश्वविद्यालय टॉपर और आरडी सोनकर अवार्ड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी। वहीं अन्य पंजीकृत विद्यार्थियों को उनकी उपाधियां संबंधित विभागों में आयोजित होने वाले द्वितीय चरण में प्रदान की जाएंगी।
Read More »चेयरमैन की शिकायत पर जिला प्रशासन ने ऊंचाहार नगर पंचायत को एनटीपीसी प्रभावित क्षेत्र में शामिल करने को कहा
ऊंचाहार, रायबरेली। नगर पंचायत ऊंचाहार को एनटीपीसी से प्रभावित क्षेत्र में शामिल कराने की नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल की पहल अब रंग लाती दिख रही है। चेयरमैन की शिकायत पर जिला प्रशासन ने एनटीपीसी को पत्र लिखकर इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा की है। कुछ दिन पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल ने जिलाधिकारी को पत्र देकर बताया था कि ऊंचाहार नगर क्षेत्र एनटीपीसी के प्रदूषण सहित अन्य प्रभावों से प्रभावित है। इसके बावजूद नगर क्षेत्र को एनटीपीसी के प्रभावित क्षेत्र में शामिल नहीं किया गया है। इसके कारण एनटीपीसी की ओर से नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास में अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। अध्यक्ष ने यह भी शिकायत की थी कि एनटीपीसी की सीएसआर संबंधी बैठकों में नगर निकाय को आमंत्रित नहीं किया जाता है।
एक करोड़ रुपये की धनराशि से वार्ड 58 और 60 में होंगे विकास कार्य
फिरोजाबाद। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 58 और 60 में विकास कार्यों को गति देते हुए बुधवार को 16 फुटा रोड पर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। महापौर कामिनी राठौर ने आकाशवाणी रोड, हबीबगंज स्थित गांधी जी की मार्केट के समीप विधि-विधान से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू कराया। नगर निगम द्वारा करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि से सड़क निर्माण कराया जाएगा। वार्ड 58 और 60 में हबीबगंज स्थित गांधी जी के मकान से लेकर सलीम मिस्त्री और मलिक की चक्की होते हुए हाजी मुकीम के मकान तक सीसी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
नगला खंगर पुलिस ने पांच लाख रुपये कीमत की शराब बरामद की
शिकोहाबाद। थाना नगला खंगर पुलिस ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार्रवाई करते हुए बुलेरो पिकअप वाहन से तस्करी कर ले जाई जा रही राजस्थान निर्मित 131 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब में कुल 6288 क्वार्टर हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 3 हजार 40 रुपये बताई गई है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया। थाना नगला खंगर इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि एक बुलेरो पिकअप में अवैध शराब तस्करी कर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन का पीछा शुरू किया। पुलिस के पीछा करने के दौरान बुलेरो पिकअप आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या-65 पर लखनऊ की ओर जाने वाली लेन में डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।
जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ का मनाया गया मोक्ष निर्वाण महोत्सव
फिरोजाबाद। नगर के विभिन्न जैन मंदिरों में जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष निर्वाण महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। आचार्य निर्भय सागर एवं गुरु मां आर्यिका विजयमती माता के ससंघ पावन सानिध्य में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान पार्श्वनाथ के चरणों में निर्वाण लाडू अर्पित किया। मोक्ष निर्वाण महोत्सव के अवसर पर तड़के से ही नगर के विभिन्न जिनालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा तथा भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ निर्वाण लाडू चढ़ाकर भगवान पार्श्वनाथ का स्मरण किया। आचार्य निर्भय सागर एवं गुरु मां विजयमती माता के सानिध्य में पार्श्वनाथ दिगंबर जैन जिनालय जैननगर खेड़ा, चंद्रप्रभु जिनालय, बाहुबली दिगंबर जैन जिनालय, शांतिनाथ दिगंबर जैन जिनालय विभव नगर, वासुपूज्य जिनालय महावीर नगर, शीतलनाथ दिगंबर जैन जिनालय रतनत्रय नसिया तथा सेठ छदामीलाल महावीर जैन मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए।
नशामुक्ति अभियान में छात्र-छात्राओं को दिलाई शपथ
हाथरस। विद्यापीठ इंटर कॉलेज में प्रधानमंत्री के 100 दिवसीय नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल के निर्देशन में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की वीके कोमल ने छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों और इससे बचने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने राजयोग, आत्मज्ञान और सकारात्मक सोच के माध्यम से आंतरिक शक्ति विकसित करने तथा व्यसनमुक्त जीवन अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने के साथ ही स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नशा न करने तथा मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और अपने जीवन में सकारात्मक आदतों को अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अरुण कुमार कौशिक, संजय कुमार, राजीव कुमार, भारत सिंह, प्रियंका, विनय कुमार, नीरज गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
भाजपा की नई जिला कार्यकारिणी घोषित
हाथरस। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई कार्यकारिणी में संगठन के विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। हालांकि, जिला महामंत्री का एक पद फिलहाल रिक्त रखा गया है। नई कार्यकारिणी में बृजेश सिंह चौहान, संध्या आर्य, संजय सक्सेना, डॉ. भूपेंद्र सिंह, सुनीता सिंह, मथुरा प्रसाद गौतम, मुकेश चौहान और रजत चौधरी को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं राजेश सिंह और राजेंद्र कुमार माहेश्वरी को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। जिला मंत्री पद पर पिंकी पल्हावत, विष्णु बघेल, विपिन लवानिया, विपुल लुहाड़िया, अनुराग अग्निहोत्री, पवन रावत, योगेंद्र राजपूत और योगेश परमार को नियुक्त किया गया है। गिरीश मोहन गुप्ता को जिला कोषाध्यक्ष, जबकि जितेंद्र कुमार प्रधान और विशाल गुप्ता को जिला सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
Read More »
Jansaamna