Friday, October 23, 2026
Breaking News

पीईटी परीक्षा के लिए हाथरस में 16 केंद्र, 39,456 अभ्यर्थी होंगे शामिल

➤ सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, मोबाइल प्रतिबंधित; सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के निर्देश

हाथरस। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिले में बनाए गए 16 परीक्षा केंद्रों पर प्रति पाली 6,576 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी पालियों में कुल 39,456 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को कुल छह पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा कक्षों में क्रियाशील सीसीटीवी कैमरे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अभ्यर्थियों के सामान को सुरक्षित रखने के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था करने को कहा।

Read More »

मां कात्यायनी मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा, निकली भव्य शोभायात्रा

हाथरस। अलीगढ़-आगरा बाईपास स्थित जोगिया के बांके बिहारी एन्क्लेव में नवनिर्मित सिद्धपीठ मां कात्यायनी नवदुर्गा मंदिर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत नगर में बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। फूलों से सुसज्जित रथ में मां कात्यायनी की प्रतिमा विराजमान थी। श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते चल रहे थे। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा मंदिर से शुरू होकर इगलास रोड, तालाब चौराहा, सासनी गेट चौराहा, कमला बाजार और गुड़हाई बाजार होते हुए घंटाघर पहुंची। यहां से मधुगढ़ी होते हुए शोभायात्रा वापस मंदिर पहुंची, जहां उसका समापन हुआ। शोभायात्रा में करीब एक दर्जन झांकियां और बैंड शामिल रहे। काली मां, राधा-कृष्ण आदि के स्वरूपों में कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किया। रथ में महामंडलेश्वर रुद्रदेवानंद महाराज विराजमान रहे, जबकि संत-महात्मा भजन-कीर्तन करते हुए साथ चले।

Read More »

बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम, दौड़ में राज और सेजल रहे अव्वल

➤ मिनी स्टेडियम में हुई ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता, विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित

सलोन, रायबरेली। मिनी स्टेडियम में बेसिक शिक्षा परिषद की प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभा दिखाई। विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद इस्माइल खान ने की। खंड विकास अधिकारी शशि कुमार तिवारी मुख्य अतिथि रहे, जबकि आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह के नेतृत्व में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए शशि कुमार तिवारी ने कहा कि खेलों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है। खेल उनके शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Read More »

आरेडिका में सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया की सतर्कता पर व्याख्यान

➤ निविदाओं और अनुबंधों में पारदर्शिता, निष्पक्षता व जवाबदेही बनाए रखने पर दिया जोर

रायबरेली। सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली में शुक्रवार को सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में सतर्कता विषय पर व्याख्यान सत्र आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया के दौरान संभावित अनियमितताओं की पहचान करने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई। 16 अक्टूबर को सुबह 10:45 बजे आयोजित सत्र का विषय ‘व्हेयर प्रोक्योरमेंट मीट्स विजिलेंस: रेड फ्लैग्स इन पब्लिक प्रोक्योरमेंट ऑफ गुड्स, वर्क्स एंड सर्विसेज इन इंडियन रेलवे’ रहा। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम), लखनऊ के वरिष्ठ प्रोफेसर (एसएंडटी) मुदित आनंद ने अधिकारियों को सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में सतर्कता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने वस्तुओं, कार्यों और सेवाओं की खरीद के दौरान संभावित अनियमितताओं के संकेतों, प्रक्रियागत खामियों और उनसे जुड़े उदाहरणों के माध्यम से व्यावहारिक जानकारी साझा की। उन्होंने खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता, मितव्ययिता और सत्यनिष्ठा बनाए रखने पर जोर दिया।

Read More »

सिद्धपीठ श्री जंगली देवी मंदिर में हुआ खजाना वितरण

कानपुर। शारदीय नवरात्र के अवसर पर शुक्रवार को सिद्धपीठ श्री जंगली देवी मंदिर में माता के खजाने का वितरण किया गया। धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने माता का खजाना प्राप्त कर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में शाम चार बजे से सात बजे तक खजाना वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक महेश त्रिवेदी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। श्री जंगली देवी मंदिर ट्रस्ट (पंजीकृत) की अध्यक्ष माया वर्मा और महामंत्री पं. विजय पाण्डेय की देखरेख में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। कार्यक्रम में कार्यवाहक अध्यक्ष कृष्ण स्वरूप मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक वाजपेयी, उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश पाण्डेय, कोषाध्यक्ष मनोज कपूर, मंत्री कैलाश पाल, प्रबंधक रमेश कुमार तिवारी, सुनीत त्रिपाठी, रामचन्द्र गुप्ता, दिनेश त्रिपाठी, विनय श्रीवास्तव, प्रेम शंकर मिश्रा, डॉ. मनोज दुबे, नीलम शुक्ला, राजकुमार अवस्थी, रजत पाण्डेय, संजीव कुमार शुक्ला, पुजारी राहुल मिश्रा, पुजारी हर्षित द्विवेदी, तुलसीराम, अनिल पाण्डेय और गोलू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Read More »

नगर निगम की बोर्ड बैठक नहीं बुलाने का मुद्दा गरमाया

➤ पार्षदों ने की नियमानुसार बैठक बुलाने की मांग, कार्यकारिणी गठन सहित कई मुद्दों पर निर्णय का इंतजार

मथुरा। नगर निगम की बोर्ड बैठक नहीं बुलाए जाने का मुद्दा गरमाने लगा है। बैठक कराने की मांग को लेकर अब पार्षद भी मुखर हो रहे हैं। इससे पहले सफाईकर्मी भी बोर्ड बैठक बुलाने को लेकर अल्टीमेटम दे चुके हैं। ऐसे में नगर निगम की कार्यप्रणाली और सदन की बैठक को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पार्षद राजीव कुमार सिंह ने मांग की है कि नगर निगम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए नगरहित और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सदन में चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाने चाहिए। उन्होंने नियमानुसार बोर्ड बैठक बुलाने पर जोर दिया है। राजीव कुमार सिंह का कहना है कि सभी पार्षदों का उद्देश्य किसी तरह का विवाद या टकराव पैदा करना नहीं है। पार्षद आपसी समन्वय और सकारात्मक संवाद के जरिए नगर निगम के कार्यों को सुचारु बनाना चाहते हैं, ताकि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें।

Read More »

मां कात्यायनी मंदिर में आज होगी प्राण प्रतिष्ठा

हाथरस। अलीगढ़-आगरा बाईपास स्थित जोगिया के बांके बिहारी एन्क्लेव में नवनिर्मित सिद्धपीठ मां कात्यायनी नवदुर्गा मंदिर में चल रहे दस दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत शुक्रवार, 16 अक्टूबर को प्रतिमाओं की वैदिक विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस दौरान सुबह आठ बजे से अन्नाधिवास, घृताधिवास और जलाधिवास सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह पूजा-अर्चना कर मां कात्यायनी की आरती करेंगे। कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हरिगढ़ विभाग प्रचारक गोविंद भी उपस्थित रहेंगे। महोत्सव के तहत संत-महात्माओं के सानिध्य में भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। बैंडबाजों और आकर्षक झांकियों से सुसज्जित शोभायात्रा सुबह 7:30 बजे मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख बाजारों से गुजरते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार, 20 अक्टूबर को मंदिर में महाआरती, फूलबंगला और छप्पन भोग के दर्शन होंगे।

Read More »

हीमोफीलिया-ए से पीड़ित बच्चों के लिए राहत बन रही हेमलिब्रा थेरेपी

कानपुर। हीमोफीलिया-ए से पीड़ित बच्चों के उपचार में एमिसिजुमैब (हेमलिब्रा) थेरेपी एक महत्वपूर्ण विकल्प के रूप में उभर रही है। यह आधुनिक उपचार रक्तस्राव की घटनाओं को कम करने में मदद करता है। इसके इस्तेमाल से बच्चों को बार-बार नसों के माध्यम से फैक्टर-8 के इंजेक्शन लगवाने की परेशानी से राहत मिल सकती है। इससे बच्चों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने के साथ उनके परिवारों की उपचार संबंधी कठिनाइयों को कम करने में भी मदद मिलती है। हीमोफीलिया सोसायटी कानपुर के नोडल डॉ. यशवंत राव ने बताया कि कानपुर में अब तक सात बच्चों को हेमलिब्रा थेरेपी दी जा चुकी है। इन बच्चों को पहले नियमित रूप से फैक्टर-8 की आवश्यकता पड़ती थी। उन्होंने बताया कि उपचार के उत्साहजनक परिणाम देखने को मिले हैं। यह थेरेपी रक्तस्राव की घटनाओं को कम करने और बच्चों को बेहतर जीवन जीने में मदद कर सकती है।

Read More »

दिन में छाया अंधेरा, तेज आंधी-बारिश से बदला मौसम

हाथरस। गुरुवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ले ली। आसमान में छाए काले बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज धूलभरी आंधी चली और फिर बारिश शुरू हो गई। अचानक बदले मौसम से जनजीवन प्रभावित हो गया। आंधी और बारिश के चलते सड़कों पर वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कम दृश्यता के कारण चालकों को दिन में ही वाहनों की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। तेज आंधी के चलते बिजली विभाग ने एहतियातन विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं जनजीवन भी प्रभावित हुआ। बाजारों में खरीदारी करने आए लोग और राहगीर बारिश से बचने के लिए दुकानों और शेडों के नीचे खड़े नजर आए। अचानक मौसम बदलने से लोगों को अपने दैनिक कार्यों में भी परेशानी हुई। उधर, मौसम के इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

Read More »

भ्रष्टाचार के विरोध में अधिवक्ताओं का धरना तीसरे दिन भी जारी

हाथरस। सिकंदराराऊ तहसील के न्यायालयों और कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में दी बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन और न्यायालयों का बहिष्कार तीसरे दिन भी जारी रहा। एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार न्यायालयों में कामकाज प्रभावित होने से वादकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं ने समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। धरने के दौरान आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं ने कंप्यूटर फीडिंग समय पर कराने, परवाने समय से पहुंचाने और तहसील कार्यालयों में कार्यरत निजी कर्मचारियों को हटाने की मांग उठाई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके चौहान ‘शोला’ ने कहा कि कंप्यूटर फीडिंग में देरी और परवाने समय पर नहीं पहुंचने से अधिवक्ताओं के साथ-साथ आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासनादेश के अनुरूप तहसील कार्यालयों में कार्यरत निजी कर्मचारियों को हटाने की मांग की।

Read More »