➤ 129 हिंदू जोड़ों ने लिए सात फेरे, 67 मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह
फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को तिलक इंटर कॉलेज परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें नगर निगम फिरोजाबाद सहित विकासखंड टूंडला, फिरोजाबाद और नारखी के कुल 196 पात्र जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इनमें 129 हिंदू और 67 मुस्लिम जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। समारोह का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तिलक इंटर कॉलेज परिसर में 129 हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। वहीं, 67 मुस्लिम जोड़ों का निकाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। विवाह समारोह में नगर निगम फिरोजाबाद के 90, विकासखंड टूंडला के 39, विकासखंड फिरोजाबाद के 30 और विकासखंड नारखी के 37 जोड़े शामिल हुए।
Jansaamna
फिरोजाबाद। मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं के सशक्तीकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, दबरई की कक्षा आठ की मेधावी छात्रा नीति दुबे को एक दिन की सांकेतिक जिलाधिकारी बनाया गया। एक दिन की जिलाधिकारी के रूप में नीति दुबे ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें शिक्षा और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है। एक दिन की जिलाधिकारी बनने पर नीति दुबे ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे अविस्मरणीय दिन है। इस अनुभव ने उनके सपनों को नई दिशा दी है और भविष्य में आगे बढ़ने के लिए उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है।
फिरोजाबाद। संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष घोषित किए जाने के अवसर पर कृषि विभाग की ओर से विकास भवन सभागार में महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाएं खेती-किसानी के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी अहम योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घरौनी के माध्यम से महिलाओं को संपत्ति का स्वामित्व प्रदान किया जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी महिला मुखिया को प्राथमिकता दी जा रही है।
फिरोजाबाद। शहर में खराब स्ट्रीट लाइटों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों पर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नवरात्र और आगामी दीपावली के त्योहारों को देखते हुए नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने पूरे शहर में विशेष अभियान चलाकर खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रकाश व्यवस्था के रखरखाव में लगी टीमों की संख्या 11 से बढ़ाकर 14 करने का निर्णय लिया गया है। सभी 14 टीमें 16 अक्टूबर से काम शुरू करेंगी। नगर आयुक्त ने एक सप्ताह के भीतर प्रकाश व्यवस्था में सुधार लाने का अल्टीमेटम दिया है। सहायक अभियंता एवं प्रभारी मार्ग प्रकाश प्रेमपाल सिंह ने बताया कि पिछले करीब दो महीने से आईजीआरएस सहित अन्य माध्यमों से स्ट्रीट लाइटें खराब होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। अनुबंधित फर्म की ओर से शिकायतों का निस्तारण किए जाने के बावजूद इनकी संख्या में कमी नहीं आ रही है।
फिरोजाबाद। आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ शिकोहाबाद तहसील परिसर में बनाए गए मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिकोहाबाद तहसील क्षेत्र में कुल सात मतदान बूथ बनाए गए हैं। इनमें चार बूथ तहसील परिसर, दो ब्लॉक शिकोहाबाद और एक नगर पालिका परिसर में स्थित है। अधिकारियों ने मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्तों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेशीय ठेका सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले लायंस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों की वेतन वृद्धि की मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से चल रही हड़ताल गुरुवार को सहमति बनने के बाद समाप्त हो गई। हड़ताल समाप्त होने के बाद कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौटकर काम शुरू कर दिया। गुरुवार सुबह वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारी सदर विधायक मनीष असीजा से मिले। विधायक के प्रयासों से नगर निगम में नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, पार्षदों और लायंस सर्विसेज कंपनी के प्रबंधक की मौजूदगी में वार्ता हुई। करीब तीन घंटे तक चली वार्ता के बाद मांगों पर सहमति बनने पर कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। संघ की प्रमुख मांग आगरा नगर निगम की तर्ज पर कंपनी के कुशल कर्मचारियों को 616.34 रुपये और अकुशल श्रमिकों को 500.23 रुपये प्रतिदिन वेतन देने की है।
लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 की तैयारियों, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान, जल संचय-जन भागीदारी : कैच द रेन-2026 और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन-उत्तर प्रदेश की प्रगति की समीक्षा की गई। PET-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी जिलाधिकारी अपने पर्यवेक्षण में परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता और गंभीरता के साथ सुनिश्चित की जाएं। तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
अहमदाबाद। भारतीय डाक विभाग की सेवाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, वित्तीय समावेशन को प्रोत्साहित करने और नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से ‘डाक चौपाल मोबाइल थिएटर वैन अभियान’ का शुभारंभ 14 अक्टूबर को अहमदाबाद के नवरंगपुरा हेड पोस्ट ऑफिस में किया गया। ‘सरकारी सेवाएं आपके द्वार’ पहल के तहत शुरू किए गए इस अभियान को अहमदाबाद पश्चिम लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिनेशभाई मकवाणा ने गुजरात परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावळेश्वरकर और उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के लाभार्थियों को पासबुक एवं पॉलिसी बॉन्ड भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में निदेशक डाक सेवाएं अनुब्रता दास और अहमदाबाद सिटी मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर शिशिर कुमार भी मौजूद रहे।
कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर के ऑडिटोरियम में कॉलेज ऑफ नर्सिंग के बीएससी नर्सिंग के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए लैम्प लाइटिंग एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति प्रो. विनय पाठक तथा विशिष्ट अतिथि कर्नल जी. सीमा, प्रिंसिपल मैट्रन, 7 एयरफोर्स चिकित्सालय, कानपुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस क्षेत्र में ज्ञान और व्यावसायिक दक्षता के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों, संवेदनशीलता तथा मानवीय दृष्टिकोण का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी, सेवाभाव और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फिरोजाबाद। सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति, लेबर कॉलोनी की ओर से आयोजित रामलीला का शुभारंभ जिला न्यायाधीश महेंद्र सिंह पवार ने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों की आरती उतारकर किया। रामलीला के मंचन में भगवान श्रीराम की शबरी से भेंट का भावपूर्ण प्रसंग प्रस्तुत किया गया। मंचन के दौरान माता सीता की खोज करते हुए भगवान श्रीराम और लक्ष्मण मतंग ऋषि के आश्रम पहुंचते हैं, जहां उनकी भेंट माता शबरी से होती है। भगवान श्रीराम को अपने आश्रम में देखकर शबरी भावविभोर हो जाती हैं और प्रेमपूर्वक उन्हें फल अर्पित करती हैं। प्रसंग में शबरी द्वारा भगवान श्रीराम को प्रेम से चखकर मीठे बेर खिलाने का दृश्य भी प्रस्तुत किया गया। इसके बाद भगवान श्रीराम माता शबरी को नवधा भक्ति का उपदेश देते हैं। इस प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।