कानपुर देहात, जन सामना ब्यूरो। प्रदेश के सरकारी राज्य विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। अब वे घर बैठे प्रदेश भर के विषय विशेषज्ञों का लाभ ले सकेंगे। शासन ने इसके लिए एक केंद्रीयकृत पोर्टल बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें ई-कंटेंट्स अपलोड किए जाएंगे। इस बाबत प्रमुख सचिव मोनिका एस गर्ग की ओर से उच्च शिक्षा निदेशक और सभी सरकारी एवं निजी विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिये गये हैं। प्रमुख सचिव की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि वर्तमान परिस्थितियों के साथ भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए शिक्षा को सुगम बनाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने ई-कंटेंट्स को एक केंद्रीयकृत पोर्टल के माध्यम से प्रदेश स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है और इस पर काम भी शुरू कर दिया गया है।
सभी संस्था प्रमुखों को निर्देश दिये गये हैं कि प्रत्येक विश्वविद्यालय/महाविद्यालय अपने शिक्षकों के द्वारा विकसित किए हुए ई-कंटेंट्स की सूची तैयार कर लें और विभागाध्यक्ष अथवा डीन से इसके महत्व एवं उपयोगिता की परख करवा लें। इसमें विभिन्न माध्यमों जैसे, पीडीएफ, वीडियो, ऑडियो एवं पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन आदि में उपलब्ध ई-कंटेंट्स शामिल किए जा सकते हैं।
Read More »