Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » प्रसव के दौरान महिला की मौत

प्रसव के दौरान महिला की मौत

⇒परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
फिरोजाबाद। गर्भवती महिला की मेडिकल कॉलेज के सौ सैया अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिवारीजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया। महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को भी जन्म दिया है। थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव कोटकी निवासी रामू ने अपनी गर्भवती पत्नी सुनीता को दो दिन पहले प्रसव पीड़ा होने पर 16 अगस्त को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। डॉक्टर के मुताबिक महिला में खून की कमी थी। साथ ही अन्य बीमारी से स्थिति खराब होने पर परिवारीजनों को भी अवगत कराया गया था। महिला को आईसीयू में भी भर्ती कराया गया। इसी बीच महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को भी जन्म दिया और उसके बाद महिला में खून की कमी होने की वजह से उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिवारीजनों का कहना है कि डॉक्टरों की लापरवाही की वजह से महिला की मौत हुई है। महिला के भाई विपिन कुमार ने बताया की रात के समय में उनकी बहन की तबीयत खराब हुई थी। वह डॉक्टर को बुलाने के लिए गए थे। उस समय डॉक्टर ने सारी बात नॉर्मल होने की बात कहते हुए हमें शांत कर दिया। आज भी सुबह उसकी स्थिति खराब थी। डॉक्टर को बुलाने पर जब डॉक्टर नहीं पहुंचे इसी बीच उनकी बहन की मौत हो गई। सीएमएस श्याम बिहारी गुप्ता ने बताया की महिला की पहले से ही तबीयत खराब थी। उसमें खून की कमी थी। हालांकि महिला के बच्चे को बचा लिया गया है लेकिन महिला की खून की कमी की वजह से मौत हो गई।