Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मथुरा गोवर्धन रोड पर होगा अभिनव प्रयोग

मथुरा गोवर्धन रोड पर होगा अभिनव प्रयोग

मथुरा। गोवर्धन से मथुरा की दूरी 18 किलोमीटर है। गोवर्धन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में है। गोवर्धन पर्वत और वहां की हरियाली श्रद्धालुओं का मन बरबस ही अपनी ओर आकर्षित करती है। मथुरा गोवर्धन सड़क मार्ग पर जिला प्रशासन अभिनव प्रयोग करने जा रहा है। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने इसकी पहल की है। इस मार्ग पर श्रद्धालुओं को मथुरा से गोवर्धन पहुंचने के बीच ऐसा अनुभव होगा कि वह फूलों की बगिया के बीच से गुजर रहे हैं। मार्ग की यह सुंदरता लोगों के मन को आनंद से भर देगी। जिलाधिकारी पुलकित खरे के नेतृत्व में एक नई पहल शुरू की गई है, जिसमें लोक निर्माण विभाग द्वारा मथुरा से गोवर्धन रोड पर विभिन्न कार्य कराये गये हैं। मथुरा गोवर्धन रोड जिसकी लंबाई लगभग 18 किलोमीटर है का चौड़ीकरण लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड, मथुरा द्वारा किया गया है। इसके पश्चात मार्ग के दोनों तरफ तथा डिवाइडर पर हरितिमा बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण के लिए उपलब्ध भूमि पर थीम बेस्ड वृक्षारोपण किया जायेगा। जिसका शुभारंभ शनिवार को जिलाधिकारी पुलकित खरे द्वारा किया जायेगा। मार्ग के दोनों और की पटरियों पर लगभग 3500 एवं डिवाइडर पर लगभग 7000 पौधों का रोपण होगा। थीम बेस्ड वृक्षारोपण हेतु पटरियों पर मुख्यतः गोल्ड मोहर तथा कचनार के पौधों का रोपण किया जाएगा, किंतु उसर मृदा एवं जल भराव के क्षेत्र में नीम तथा अर्जुन के पौधों का रोपण भी होगा। डिवाइडर पर कनेर एवं बोगनवेलिया के पौधे लगाये जायेंगे। उक्त पौधों की सुरक्षा हेतु ट्री गार्ड मुख्यतः जन सहयोग से प्राप्त किया जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे उक्त वृक्षारोपण से भविष्य में मथुरा गोवर्धन मार्ग थीम बेस्ड हरित मार्ग के रूप में विकसित होगा। जिलाधिकारी पुलकित खरे की इस मुहिम से मथुरा गोवर्धन रोड भविष्य में ग्रीन रोड़ के नाम से जाना जायेगा। उक्त रोड़ पर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाये जायेंगे, जो इस रोड़ को सुन्दरता के साथ साथ श्रद्धालुओं हेतु छांव की व्यवस्था करेंगे।