रायबरेली। आरेडिका में राजभाषा विभाग के तत्वावधान में तथा प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में संसदीय राजभाषा समिति की निरीक्षण प्रश्नावली पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी/बनारस रेल इंजन कारखाना के डा0 संजय कुमार सिंह ने संसदीय राजभाषा समिति की निरीक्षण प्रश्नावली पर विस्तृत चर्चा की एवं बताया कि समिति के प्रश्नों का जबाव कैसे दिया जाय। जिससे समिति के सदस्यों के सामने अपने राजभाषा विभाग एवं संस्था प्रमुख की सकारात्मक छवि बने।
डा0 सिंह ने आरेडिका के विभिन्न सेवा भवनों एवं कॉलोनी के नाम जैसे- भागीरथी, गंगा, गोमती, गंधमादन, मन्दार, अस्किनी, वितिस्ता, आदि के भारतीय संस्कृति से जुडे़ होने पर प्रसन्नता जाहिर की। हिन्दी भाषा के विकास में अमीर खुसरों, तुलसीदास, महात्मा गांधी, संविधान सभा के गणमान्य सदस्यों के योगदान पर चर्चा की।
आरेडिका के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द्र ने ‘‘प्रगति‘‘ पत्रिका के सितम्बर एवं दिसम्बर अंक में प्रकाशित कविता, कहानियाँ, संस्मरण, प्रेरक लेख इत्यादि रचनाओं के रचनाकारों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यशाला में आरेडिका के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द्र, उप मुख्य राजभाषा अधिकारी अष्टानन्द पाठक, राजभाषा अधिकारी राकेश रंजन व नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य कार्यालय, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईटीआई रायबरेली, आईटीबीपी, राष्ट्रीय फैशन तकनीक संस्थान सहित उच्च अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।