कानपुर। सनिगवा क्षेत्र में श्री राम जन्मोत्सव सेवा समिति के तत्वावधान में भगवान श्रीराम परिवार की 14वीं भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु भक्तों ने सहभागिता की। यात्रा का शुभारंभ भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ हुआ, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो गया। शोभायात्रा के दौरान मंच पर उपस्थित अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर मनोज भदौरिया का समिति द्वारा भव्य स्वागत किया गया। उन्हें माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। यात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता, भगवान शिव, माता पार्वती और बाबा श्री श्याम के स्वरूपों से सजे कुल पंद्रह रथ शामिल रहे, जो शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण बने। लगभग 300 मातृशक्ति की उपस्थिति ने यात्रा की गरिमा को और भी बढ़ाया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि कुंवर मनोज भदौरिया ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और युवाओं में धर्म के प्रति आस्था को बढ़ाते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया।
शोभायात्रा में अभिमन्यु क्षत्रिय महासभा अध्यक्ष पंकज तोमर और प्रदेश संगठन मंत्री पंकज राजावत भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए और धार्मिक उत्सव को भव्य रूप प्रदान किया। यात्रा शांतिपूर्ण एवं श्रद्धा भाव के साथ संपन्न हुई।
Home » मुख्य समाचार » सनिगवा में श्री राम जन्मोत्सव सेवा समिति द्वारा निकाली गई 14वीं भव्य शोभायात्रा