हाथरस। नगर पालिका परिषद, हाथरस द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर नारी सशक्तिकरण से संबंधित विशेष कार्यक्रम का आयोजन नगर पालिका परिषद के टाउन हॉल में किया गया। यह आयोजन प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 14 अप्रैल से 28 अप्रैल तक चलाए जा रहे “जयंती महोत्सव अभियान” के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम का संचालन विजय प्रकाश स्वर्णकार (प्रभारी कार्यालय अधीक्षक), संजय अग्रवाल (लेखाकार), राजेश परिहार (खजांची), यशुराज शर्मा (प्रभारी नजूल निरीक्षक) एवं अमित कुमार (कर संग्रहक) के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने नगर पालिका परिषद में कार्यरत महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान और सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
सम्मानित की गई महिलाओं में श्रीमती ममता गुप्ता (वरिष्ठ लिपिक), श्रीमती पिंकी चौहान (राजस्व निरीक्षक), कु. पिंकी गुप्ता (परिसेवक), कु. मीनू (कनिष्ठ लिपिक), श्रीमती कविता (सफाई कर्मचारी), श्रीमती चेतना शर्मा (आउटसोर्सिंग कंप्यूटर ऑपरेटर), श्रीमती सोनिया सिंह (लाइसेंस लिपिक), श्रीमती रचना पाठक (प्र. मांग लिपिक), श्रीमती नीरेश (सफाई कर्मचारी), श्रीमती मिथलेश (परिसेवक) और श्रीमती रजिया बेगम आदि शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान पालिकाध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों के लिए जो योगदान दिया है, वह प्रेरणादायी है। महिलाओं को सम्मानित कर हम उनके कार्यों की सराहना करते हैं और नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम उठाते हैं। इस अवसर पर नगर पालिका के कई अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्वक और गरिमामयी वातावरण में किया गया।
Home » मुख्य समाचार » डा. अंबेडकर जयंती के उपलक्ष में पालिकाध्यक्ष ने महिला कर्मियों को किया सम्मानित