कानपुर नगर। वार्ड 65 नौबस्ता पश्चिम निवासी कक्षा 11वीं के छात्र युवराज गुप्ता को पार्षद योगेन्द्र शर्मा ने उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया। युवराज ने अपनी प्रतिभा से न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी शहर का नाम रोशन किया है। सम्मान समारोह के दौरान पार्षद योगेन्द्र शर्मा ने कहा कि युवराज ने कम उम्र में अपनी प्रतिभा से भारत का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने यह उपलब्धि बिना किसी विशेष संसाधन के हासिल की है, जो युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। पार्षद ने मिष्ठान खिलाकर, पटका पहनाकर और मोमेंटो भेंट कर युवराज को सम्मानित किया। युवराज गुप्ता ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से ऑनलाइन माध्यम से साइबर सुरक्षा का अध्ययन कर रहे हैं। अब तक वे महाराष्ट्र, उड़ीसा समेत कई राज्यों की पुलिस को साइबर सुरक्षा से संबंधित तकनीकी जानकारी दे चुके हैं। नासा ने उन्हें एक प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया है। बातचीत के दौरान युवराज ने यह भी बताया कि उनका अगला लक्ष्य गूगल के साथ कार्य करना है और वे चाहते हैं कि भारत के अधिक से अधिक युवाओं को साइबर सुरक्षा में प्रशिक्षित किया जाए। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें अमित तिवारी, विजय वर्मा, राजेश शुक्ला, विकास बाजपेई, राजीव गुप्ता, विकास मेहरोत्रा, रोहित शर्मा, विजय गुप्ता और ऋतिक शर्मा शामिल थे।