Monday, May 6, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » संयुक्त चिकित्सालय पर दो पक्षों में घमासान

संयुक्त चिकित्सालय पर दो पक्षों में घमासान

मची अफरा-तफरी-खूब हुआ पथराव-दुकानदार भी हुये इधर उधर
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को पकड़ा-दो घायल भी हुये
फिरोजाबाद, जन सामना संवाददाता। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र संयुक्त चिकित्सालय पर दो पक्षों में हुये घमासान के दौरान खूब पथराव हुआ। अफरा-तफरी का माहौल रहा। इसमें एक पक्ष से दो घायल भी हुये। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को पकड़कर ले गयी। यहां हुये इस मामले से आसपास के दुकानदारों में भी अफरा-तफरी का माहौल हो गया और वे इधर उधर हो गये।
बताते चलें कि थाना सिरसागंज क्षेत्र नगला धर्म निवासी धमेंद्र कुमार पुत्र वृंदावन का विवाद खेत पर शौच को लेकर रामभरोसे पुत्र चोब सिंह से हो गया था। जिस पर बात बढ गयी। दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गयी। वहां मामला जैसे तैसे ग्रामीणों ने शांत करा दिया। इसके बाद जब थाना सिरसागंज पुलिस धर्मेंद्र को मेडीकल के लिये शिकोहाबाद के संयुक्त चिकित्सालय ला रही थी। इसी दौरान संयुक्त चिकित्सालय के गेट पर ही पहले से घात लगाये बैठे दूसरे पक्ष से रामभरोसे, मुन्नेश, कर्मवीर पुत्रगण चोब सिंह, सीटू, ईलू ने घेर लिया और मेडीकल क्यों करा रहे हो इसको लेकर बहस शुरू कर दी। इस पर धर्मेंद्र ने अपनी ओर से अपने भाई सुनील कुमार, नरंद्र कुमार को बुला लिया। दोनों ओर से फिर झगड़ा शुरू हो गया। जिसने इतना विकराल रूप धारण किया कि पथराव शुरू हो गया। दोनों ओर से हुये पथराव में आसपास के दुकानदारों व राहगीरों में भगदड़ मच गयी। जानकारी होने पर आनन-फानन में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जो दोनों पक्षों को थाने ले आया। इसमें सुनील कुमार और नरेंद्र कुमार एक पक्ष से घायल हुये बताये जा रहे हैं।