Thursday, April 25, 2024
Breaking News
Home » मनोरंजन » ब्रॉडवे ने किया ‘मुगल-ए-आजमः द म्यूजिकल’ को सम्मानित

ब्रॉडवे ने किया ‘मुगल-ए-आजमः द म्यूजिकल’ को सम्मानित

⇒मुगल-ए-आजमः द म्यूजिकल’ सर्वश्रेष्ठ भारतीय नाटक घोषित
⇒अधिकांश ब्रॉडवे पुरस्कार डाला झोली में 14 ब्रॉडवे वर्ल्ड इंडिया अवार्ड्स में से 7 पुरस्कार जीते
मुंबईः जन सामना ब्यूरो। अभी तक का भारत का सबसे बड़ा और असाधारण नाटक- मुगल-ए-आजमः द म्यूजिकल ने न केवल दर्शकों का प्यार और प्रशंसा हासिल किया है, बल्कि इसने प्रतिष्ठित ब्रॉडवे वर्ल्ड इंडिया अवार्ड्स 2017 जैसा शीर्ष सम्मान भी हासिल कर लिया है।
‘मुगल-ए-आजमः द म्यूजिकल’ ने सात पुरस्कार हासिल किए, जिसमें सर्वश्रेष्ठ प्ले (शापोर जी पालोन जी व एन.सी.पी.ए), फिरोज अब्बास खान को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, मयूरी उपाध्याय को सर्वश्रेष्ठ ओरिजिनल कोरियोग्राफी, मनीष मल्होत्रा को सर्वश्रेष्ठ ओरिजिनल कॉस्ट्यूम डिजाइन, बेस्ट एन्सेंबल कास्ट, बेस्ट ओरिजिनल लाइट डिजाइन के लिए डेविड लैंडर और नील पटेल को सर्वश्रेष्ठ ओरिजिनल सेट डिजाइन जैसे सात पुरस्कार शामिल है।
निर्देशक फिरोज अब्बास खान कहते हैं, ‘मैं इन पुरस्कारों से अभिभूत हूं. यह उन असाधारण कलाकारों और टीम का ही कमाल है, जिन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया ताकि दुनिया हमारी सबसे बेहतर प्रस्तुति का अनुभव कर सके। मुगल-ए-आजमरू द म्यूजिकल वास्तव में भारत का गर्व है. पूरी टीम की ओर से मैं इस सम्मान के लिए भारतीय दर्शकों और ब्रॉडवे वर्ल्ड को धन्यवाद देना चाहता हूं।’
दीपेश साल्गिया (क्रिएटिव एंड स्ट्रैटेजिक विजनः मुगल-ए-आजम) कहते हैं, ‘आपके पहले थियेटर प्रोड्क्शन के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिलना एक दुर्लभ उपलब्धि है। यह शापोर जी पालोन जी और पूरे मुगल-ए-आजम टीम के लिए गर्व का क्षण है।
शापोर जी पालोन जी इस नाटक के निर्माता हैं।
ब्रॉडवे वर्ल्ड रीजनल अवार्ड अमेरीका के 56 शहरों समेत कई स्थानों से रिकॉर्ड संख्या में वोट लेता है। ये अवार्ड कई कनाडाई शहरों सहित 11 देशों में दिया जाता है।
यह घोषणा तब आई है जब दिल्ली में ‘मुगल-ए-आजमः द म्यूजिकल’ के दूसरे सत्र का आयोजन होने वाला है। इसका आयोजन दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में 1 फरवरी से 11 फरवरी, 2018 तक किया जाएगा। संयोग से, यह विश्व स्तरीय नाटक का 100वां शो होगा। शापोर जी पालोन जी द्वारा निर्मित इस नाटक ने पहले ही मुंबई में पांच सफल सीजन पूरा कर लिया है।