Friday, April 26, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » व्यापारियों ने ईवे बिल की सीमा बढ़ाने व बीमा 20 लाख करने की मांग रखी

व्यापारियों ने ईवे बिल की सीमा बढ़ाने व बीमा 20 लाख करने की मांग रखी

कानपुर, स्वप्निल तिवारी। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल व दिल्ली सरकार की तरह उत्तर प्रदेश सरकार भी प्रान्त के व्यापारियों के लिए ईवे बिल सीमा 1 लाख बढ़ाए और व्यापारी बीमा 20 लाख तक करे इस बात की मांग आज सत्तापक्ष के विधायक महेश त्रिवेदी से करते हुए व्यापारियों ने मुख्यमंत्री और विधायक के नाम संबोधित व्यापारी अधिकार माँगपत्र देते हुए की। किदवई नगर से विधायक महेश त्रिवेदी से उनके निवास पे मिलते हुए प्रान्तीय व्यापार मण्डल और सपा व्यापार सभा के प्रतिनिधि मण्डल ने व्यापारी अधिकार माँगपत्र सौंपते हुए गुहार लगाई की विधायक सरकार से जुड़े हैं इसलिए वे मुख्यमंत्री तक व्यापारियों की यह माँग मजबूती से पहुंचाएं। प्रान्तीय व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष और सपा व्यापार सभा प्रदेश उपाध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमण्डल ने विधायक को अधिकार माँगपत्र देते हुए कहा कि छोटा मँझोला व्यापारी बेहद परेशान है और इसलिये आवश्यक है की राज्य के अंदर ई-वे बिल के लिए छूट सीमा 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपए की जाए। अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु व दिल्ली राज्य सरकारों ने छोटे कारोबारियों को राहत देने के लिए राज्य के अंदर सामान की आपूर्ति पर ई-वे बिल में 50 हजार रुपए तक की छूट सीमा बढ़ाकर एक लाख रुपए कर दी है। ऐसे में योगी जी के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार को भी यह छूट सीमा कम से कम इन राज्यों जितनी तो बढ़ानी ही चाहिए। कहा गया की व्यापारी छूट सीमा 1 लाख से भी ज्यादा चाहते हैं। अभिमन्यु गुप्ता ने बताया कि प्रदेश की थोक बाजारों से अन्य जनपदों के छोटे मंझोले व्यापारी एक से दो लाख का माल रोजाना मंगाते भेजते रहते हैं। ऐसे में 1 लाख रुपए तक के मूल्य के सामान की आपूर्ति ई-वे बिल के दायरे से बाहर होनी चाहिए। उत्तर प्रदेश में कंज्यूमर बेस में 50 हजार रुपए की सीमा कोई मायने नहीं रखती है।उसके अलावा कई वस्तुओं पे छूट भी देनी चाहिए। साथ ही जीएसटी में पंजीकृत व्यापारी को 20 लाख का बीमा प्रदेश सरकार दे ताकि किसी अनहोनी की परिस्तिथि में आश्रित अपने को सम्भाल तो पाएंगे। अभिमन्यु ने कहा कि यह निर्णय सरकार ले सकती है और इसलिये सरकार से जुड़े जनप्रतिनिधियों तक व्यापारी अपनी बात पहुंचा रहे हैं ताकि उनकी आवाज मजबूती से उठाई जा सके। विधायक महेश त्रिवेदी ने व्यापारी अधिकार माँगपत्र खुद की संस्तुति के साथ मुख्यमंत्री तक मजबूती से पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रान्तीय व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव हरप्रीत सिंह बब्बर ने कहा कि इस मसले पर लगातार संघर्ष जारी रहेगा। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय बिस्वारी ने कहा कि हर जनप्रतिनिधि तक व्यापारी जाएंगे और अपना अधिकार मांगेंगे और यह मुहिम मांगें पूरी न होने तक जारी रहेगी। अभिमन्यु गुप्ता, हरप्रीत सिंह बब्बर, संजय बिस्वारी, जितेंद्र सिंह संधू, बॉबी सिंह, शुभम जेटली, विनय कुमार, आतमजीत सिंह, अभिलाष द्विवेदी, अमन वाष्र्णेय, पारस गुप्ता, अंकुर गुप्ता, सुखबीर सिंह आदि मौजूद थे।