फिरोजाबाद। भीषण गर्मी के मौसम में राहगीरों की प्यास बुझाने और सेवा की भावना को साकार करने के उद्देश्य से सेवा पथ जनकल्याण समिति ने स्वर्गाश्रम, रामनगर में एक ठंडे पानी की मशीन स्थापित की है। इस शीतल जल कूल पॉइंट का उद्घाटन एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं ठंडा पानी पीकर समिति की इस पहल की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं और अन्य संगठनों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। उन्होंने समिति को इस जनकल्याणकारी कार्य के लिए बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान संस्था की निदेशक व सामाजिक कार्यकर्ता कल्पना राजौरिया ने कहा कि सेवा पथ समिति का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को राहत पहुंचाना है। गर्मी के इस मौसम में सार्वजनिक स्थल पर ठंडे पानी की सुविधा देना केवल सेवा नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची मिसाल है। उन्होंने कहा कि सेवा ही सच्चा धर्म है। इस अवसर पर आलिंद अग्रवाल, संस्था की प्रदेश सचिव सीमा गुप्ता, सुनील भटनागर, योगेन्द्र प्रकाश जैन, प्रियंका गुप्ता और अंकुर दुबे सहित कई लोग उपस्थित रहे।