Friday, May 3, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » श्रमिकों को रोजगार के अवसर सम्बन्धित विभागों द्वारा तत्काल शुरू कराया जायेः मुख्य सचिव

श्रमिकों को रोजगार के अवसर सम्बन्धित विभागों द्वारा तत्काल शुरू कराया जायेः मुख्य सचिव

कार्मिकों एवं श्रमिकों के निर्माण स्थल पर यथासंभव रहने एवं खानपान की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाये: मुख्य सचिव
हाॅट स्पाॅट तथा कन्टेनमेंट क्षेत्र में किसी निर्माण कार्य को शुरू कराने की कदापि अनुमति न दी जाये: राजेन्द्र कुमार तिवारी
निर्माण इकाई में प्रशिक्षित कार्मिकों एवं मजदूरों की आवश्यकता होने पर सम्बन्धित जिलाधिकारी से अनुरोध कर प्रवासियों का कौशल मैपिंग का डाटा प्राप्त कर उन्हें योग्यतानुसार निर्माण कार्य में लगाया जाये: मुख्य सचिव
मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों से सम्बन्धित विभागों की बैठक कर दिये निर्देश
लखनऊ, जन सामना ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने कहा है कि विभिन्न राज्यों से उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिकों आ रहे हैं। प्रदेश के श्रमिकों तथा प्रवासी श्रमिकों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु निर्माण कार्यों से सम्बन्धित विभागों द्वारा निर्धारित प्रोटोकाॅल के अनुसार निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाये। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित विभागों द्वारा निर्माण कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा भी की जाये तथा उसका विवरण भी उपलब्ध कराया जाये।
मुख्य सचिव ने यह निर्देश आज लोक भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में निर्माण कार्यों से सम्बन्धित विभागों की बैठक में दिये। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु गृह विभाग की गाइडलाइन्स के अनुरूप सोशल डिस्टेंसिंग इत्यादि का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये। कार्मिकों एवं श्रमिकों के निर्माण स्थल पर यथासंभव रहने एवं खानपान की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाये। हाॅट स्पाॅट क्षेत्र में किसी निर्माण कार्य को शुरू कराने की कदापि अनुमति न दी जाये।
श्री राजेन्द्र कुमार तिवारी ने कहा कि प्रवासी श्रमिकों की कौशल मैपिंग कर डाटा एकत्रित किया जा रहा है। अतः निर्माण इकाई में प्रशिक्षित कार्मिकों एवं मजदूरों की आवश्यकता होने पर भी सम्बन्धित जिलाधिकारी से अनुरोध कर उनका विवरण प्राप्त कर उन्हें योग्यतानुसार निर्माण कार्य में लगाया जाये।
बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण नितिन रमेश गोकर्ण, प्रमुख सचिव आवास एवं नगर विकास दीपक कुमार, प्रमुख सचिव समाज कल्याण मनोज सिंह, प्रबंध निदेशक उ0प्र0 जल निगम विकास गोठवाल सहित सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।