शिकोहाबाद/फिरोजाबाद, जन सामना संवाददाता। सीएम योगी आदित्यनाथ के सख्त आदेश के बाद भी दबंग जमीन पर अबैध कब्जा करने से बाज नहीं आ रहे। कब्रिस्तानों की भूमि को भी ऐसे लोग नहीं छोड़ रहे है। आज सोमवार को भी शहर के भगवंत वाले बाग स्थित कब्रिस्तान पर रातों रात कब्जा कर लिया। सुबह लोगों ने देखा तो आक्रोश व्याप्त हो गया। वहीं इसकी जानकारी प्रशासन को भी दे दी गई। नगर के जनप्रतिनिधियों तक यह मामले आते ही वो भी मौके पर पहुंच गए। साथ ही पुलिस ने कार्य को वहीं रुकवा दिया। नगर में भगवंत वाले बाग स्थित कब्रिस्तान में रात्रि में कुछ लोगों द्वारा दीवार लगाकर कब्जा कर लिया। सुबह होने पर जब लोगों ने देखा तो आक्रोश व्याप्त हो गया। कुछ ही देर में काफी लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही पालिका के चेयरमैन पति अब्दुल वाहिद भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पुलिस को कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस संबंध में सभासद रफीक अहमद ने अबैध रूप से कब्जा करने वालों के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाते हुए लिखा है कि भगवंत वाले बाग के समीप इमामी वाला कब्रिस्तान है। जिसमें चारों तरफ बाउंड्री हो रही है। उसमें मुस्लिम समाज के ही कुछ लोगों द्वारा बाउंड्री तोड़कर कब्रिस्तान के अंदर दीवार लगा दी। वहीं जिन लोगों ने दीवार लगाई, उनका कहना था कि उक्त जमीन वहीं के एक व्यक्ति एवं उनसे जुड़े कुछ लोगों से खरीदी है। जिसकी कीमत तीन लाख रुपए दिए हैं। फिलहाल कार्य को रुकवा दिया है। लोगों ने प्रशासन से कब्रिस्तान की नाप तौल कराकर उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी इंदुप्रभा सिंह का कहना था कि सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि कुछ लोगों द्वारा कब्रिस्तान की जगह की बाउंड्री तोड़कर अवैध कब्जा किया जा रहा है । सूचना पर तुरंत पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्य को रुकवा दिया। मुहल्ला पड़ाव के दो लोगों का इसमें नाम सामने आ रहा है, उनके बारे में जानकारी कर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।