Monday, April 21, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » झमाझम बरसात से पानी-पानी हुआ शहर, किसानों के चेहरे खिले

झमाझम बरसात से पानी-पानी हुआ शहर, किसानों के चेहरे खिले

शिकोहाबाद/फिरोजाबाद, जन सामना संवाददाता। सोमवार को आधा घंटे की झमाझम बरसात से शहर पानी-पानी होता नजर आया। मौसम ठंडा होने के बाद जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलती नजर आई। वहीं सड़कों पर हुए जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ाई। इसके साथ ही बरसात देख किसानों के चेहरे भी खिल गए।दोपहर तीन बजे के करीब बरसात ने लोगों को गर्मी से राहत दी। आधा घंटे तक पड़ी मूसलाधार बरसात ने लोगों को चेहरों पर रौनक बिखेरी दी। इस दौरान लोगों ने बरसात का जमकर लुत्फ उठाया। बच्चे भी बरसात में नहाने को छतों की ओर दौड़ पड़े।वहीं झमाझम बरसात ने पालिका की जलभराव से निपटने की योजना की पोल खोल दी। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्ग और गलियां पानी से लबालब नजर आए। शहर के पक्का तालाब, पंजाबी कालोनी, शंकरपुरी, मैनपुरी रोड, एटा रोड़ कि सर्विस रोड समेत कई निचले इलाकों में जलभराव ने लोगों को परेशान कर दिया। वहीं धान की रोपाई कर पछता रहे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। बारिश न होने से किसान परेशान था। किसानों का कहना है कि बारिश से मक्का, गन्ना, ज्वार की फसलों के साथ सब्जियों में लौकी, भिंडी, करेला की फसलों को फायदा हुआ है।