राठ/हमीरपुर, जन सामना। हैंडपंप खराब होने से क्षेत्र के खिरिया गांव की आधी आबादी पेयजल समस्या से परेशान है। शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव में एकत्र होकर नारेबाजी की। गांव में लगे 48 हैंडपंप से अधिकांश खराब पडे हैं। इसके चलते ग्रामीणों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। खिरिया गांव के राजेंद्र कुमार महान, राकेश, विनीता, सावित्री, कुसुमरानी, पुष्पेंद्र, रमेश, संतोष, शारदा देवी महान, वीर सिंह, सालू, आशीष, विशेंद्र, सुरेंद्र, ऊषा आदि ग्रामीणों ने बताया, कि गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए टंकी नहीं है। पेयजल के लिए ग्रामीण सरकारी हैंडपंपों के सहारे हैं। बताया कि कुछ ग्रामीण अपने घरों में सबमर्सिबल की बोरिंग कराए हैं। हैंडपंप सही कराने की मांग के बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शुक्रवार को ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। गांव में एकत्रित हुए दर्जनों महिला पुरुषों ने सड़क पर खडे होकर नारेबाजी की। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं दिया जाता तो ग्रामीण तहसील पहुंच कर आंदोलन को बाध्य होंगे। ग्राम प्रधान गंगाराम ने कहा कि कुल आठ हैंडपंप रिबोर के लिए हैं। इसके लिए विभाग में लिखा-पढ़ी की गई है। अन्य हैंडपंप पानी दे रहे हैं।