घाटमपुर/कानपुर, शिराजी। रोडवेज की सीएनजी बस सेवा बंद होने से जहां हजारों यात्री परेशान है। वही डग्गामार वाहन चालको की चांदी कट रही है। क्षेत्र में ध्वस्त हो चुकी सीएनजी परिवहन सेवाओं के लिए नागरिकों ने वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भरथना विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र कठेरिया से भेंट कर सीएनजी बसें चलाए जाने के लिए सहयोग मांगा है। प्राप्त विवरण के अनुसार कस्बे के मोहल्ला आशा नगर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे डॉ राम किशन गुप्ता (नेत्रहीन) के नेतृत्व में सूरज सिंह, अभिनव शुक्ला, भक्तमाल शुक्ला, आशीष शुक्ला, दिलीप शर्मा, उमेश यादव, आलोक शुक्ला, देवरत्न, शरद द्विवेदी, नाहर सिंह, योगेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, शशिकांत त्रिपाठी, विजय पाल आदि लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन धर्मेंद्र कठेरिया को सौंपते हुए बताया कि नौबस्ता से घाटमपुर, रावतपुर से बिल्हौर, फजलगंज से रूरा, व घंटाघर से मूसानगर चलने वाली लगभग 270 सीएनजी बसों का संचालन पूरी तरीके से ठप कर दिया गया है। जिसके लिए उपमुख्यमंत्री से लेकर रोडवेज अधिकारियों सीएनजी परिवहन से जुड़े अधिकारियों तक को कई बार ज्ञापन व व्यक्तिगत मिलकर समस्या से अवगत कराया जा चुका है। लेकिन शासन व प्रशासन द्वारा कोई भी तवज्जो न देने से हजारों यात्रा करने वाले नागरिकों को भीषण समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लोग प्राइवेट डग्गामार वाहनों में जान जोखिम में डालकर दोगुना किराया देकर यात्रा करने के लिए मजबूर है। बावजूद इसके सरकारी व प्रशासनिक अमला एवं परिवहन विभाग कोई भी जहमत उठाने के लिए तैयार नहीं है। जिससे नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। आक्रोशित नागरिकों ने चेतावनी दी है कि जल्दी ही अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। तो हम लोग सड़कों में उतरने के लिए मजबूर हो जाएंगे। भाजपा नेता धर्मेंद्र कठेरिया में आक्रोशित नागरिकों को आश्वासन देते हुए शीघ्र ही उनकी समस्या का निस्तारण शासन स्तर से करवाए जाने के लिए आश्वस्त किया है।