Monday, September 23, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शादी के डेढ़ साल बाद युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

शादी के डेढ़ साल बाद युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

पत्नी के साथ किराए के मकान में अलग रहता था मृतक
फिरोजाबाद। पत्नी को जीवन की खुशियां देने के लिए उसने माता-पिता का घर छोड़ दिया। लेकिन इसके बाद भी उसे खुशियां नहीं मिली और उसकी मौत हो गई। अब मृतक के परिवारीजनों ने पत्नी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव सरायनूरमहल निवासी 22 वर्षीय पंकज पुत्र घनश्याम सिंह की शादी डेढ़ साल पहले आगरा निवासी मधु के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक शादी के दो माह बाद ही मधु अलग रहने की जिद करने लगी। पत्नी को खुश रखने के लिए पंकज पत्नी को साथ लेकर थाना दक्षिण के नगला भाऊ में किराए के मकान में जाकर रहने लगा था। मेहनत और मजदूरी करके वह परिवार का पालन पोषण कर रहा था। परिजनों के मुताबिक शादी के एक साल बाद मधु ने एक बच्चे को जन्म दिया जिसे उसने ननिहाल में छोड़ दिया था। मंगलवार को पंकज का शव उसके घर में पड़ा मिला था। जानकारी होते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जहां मृतक के बड़े भाई मनोज कुमार ने बताया कि पंकज को उसकी पत्नी ने ही जहर देकर मारा है। शादी के बाद से ही वह अलग रहने के लिए जिद करती थी। अलग न रहने पर खुदकुशी करने की धमकी देती थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।