Sunday, April 28, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जजमानी को लेकर हुए विवाद से आपस में भिड़े पंडा

जजमानी को लेकर हुए विवाद से आपस में भिड़े पंडा

ऊंचाहार/रायबरेली, पवन कुमार गुप्ता। आज भी गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा तटों पर उमड़ी रही। गोकना गंगा घाट पर गंगा स्नान करने आए स्नानार्थी दूसरे पंडा के पास दान इत्यादि करने लगे। जिसके बाद जजमानी को लेकर दो सगे भाइयों में कहासुनी होने लगी। बात इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को पीटना शुरू कर दिया। जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को परिजनों द्वारा सीएचसी ले जाया गया। जहां से दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। गोकना गंगा निवासी धर्मराज मिश्र व नकुल मिश्रा दोनों सगे भाई है और गोकना गंगा घाट पर तीर्थ पुरोहित का कार्य करते हैं। बुधवार की सुबह गंगा स्नान को आए कुछ स्नानार्थी गंगा स्नान के बाद नकुल मिश्रा के पास दान दक्षिणा करने लगे। दूसरी तरफ से देख रहे तीर्थ पुरोहित धर्मराज ने जजमानी को लेकर विरोध करना शुरू कर दिया। जिसके बाद बात इतनी बढ़ गई कि धर्मराज के लड़कों पर दूसरे पक्ष ने हमला कर दिया। जिसमें कर्मराज मिश्र व शिवलोचन लहूलुहान हो गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें सीएचसी ले गये। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि मारपीट में घायल शिवलोचन व कर्मराज सीएचसी आए थे। जिसमें दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। प्रार्थना पत्र मिलने के बाद आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।