Tuesday, May 14, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » फिरोजाबाद:काटी गईं सीएम की होर्डिंग्स, विरोध के बाद मुकदमा दर्ज

फिरोजाबाद:काटी गईं सीएम की होर्डिंग्स, विरोध के बाद मुकदमा दर्ज

फिरोजाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर शहर भर में लगाए गए होर्डिंग्स में छपे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फोटो को शरारती तत्वों ने काट दिया। जबकि उस पर प्रधानमंत्री और महापौर के भी फोटो लगे हुए हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष होर्डिंग्स देखने पहुंच गए। इसके बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। नगर निगम से दो प्राथमिकी हुई और चौराहों पर लगे सीसीटीवी की रिकार्डिंग देखी गईं। पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।आजादी के उत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के प्रोत्साहन के लिए शहर के सेंट्रल चौराहा, सुभाष तिराहा, सुहागनगर तिराहा समेत अन्य जगहों पर होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इनमें मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की तस्वीरों के साथ मेयर और नगरायुक्त की तस्वीरें भी लगी हैं। शनिवार सुबह छह बजे नगर विधायक मनीष असीजा को फोन पर सूचना मिली कि नगर निगम के सामने ट्राईपोल के होर्डिंग्स में से मुख्यमंत्री का फोटो काटा गया है। इसके बाद उन्होंने नगरायुक्त, डीएम, एसएसपी को सूचना दी। इसके बाद शासन के अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद सुभाष तिराहा, सेंट्रल तिराहा, तुलसी पैलेस, सुहागनगर तिराहा की होर्डिंग्स कटने की सूचना आई। भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार भी अपनी टीम के साथ निकले और प्रशासनिक अधिकारियों से बात की। आनन-फानन में पुलिस की टीमें दौड़ पड़ी। होर्डिंग्स के आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी की रिकार्डिंग देखी गईं। वहीं नगर निगम के स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी अरविंद भारती की ओर से उत्तर और दक्षिण थाना क्षेत्रों में दो प्राथमिकी हुई। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि तीन सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली है। इसमें कुछ लोग घूमते नजर आ रहे है। इसकी जांच की जा रही है। जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।