कानपुरः प्रभात गुप्ता। उप्र के मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा सेवाओं एवं सावर्जनिक आवश्यक व्यवस्थाओं में यथा आवश्यक सुधार एवं उनकी समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है। इसी क्रम में आयुक्त ने मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन विभाग, सामान्य चिकित्सा विभाग का आज औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डा0 रिचा गिरी वाइस प्रिंसिपल (एसआईसी), डॉ सुभ्रांशु शुक्ला, सीएमएस, एलएलआर हॉस्पिटल एवं अन्य शामिल हुए।
सर्वप्रथम आयुक्त ने आपातकालीन परिसर में स्थापित सहायता कक्ष को देखा और इसकी कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उपस्थित कक्ष सहायिका सुजाता द्वारा अवगत कराया गया कि यहां पर प्रतिदिन 10 से 15 मरीज, जो इमरजेंसी ओपीडी में उपचार हेतु आते हैं, उनका पूर्ण विवरण सूचीबद्ध किया जाता है। इसके अतिरिक्त इस कक्ष के माध्यम से अन्य मरीजों अथवा उनके तीमारदारों द्वारा पूछने पर उनको संबंधित जानकारी भी प्रदान की जाती है।
आपातकालीन विभाग में उस विशेष समय पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों की उपस्थिति पंजिका की जांच की। देखा गया की पंजिका पर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक द्वारा विगत 5 फरवरी 2022 से अब तक मात्र एक से दो बार ही पंजिका को सीन कर अपने हस्ताक्षर किए गए हैं। जबकि आयुक्त ने पूर्व में आपातकालीन विभाग के किए गए निरीक्षण में सीएमएस डॉक्टर सुब्रांशू शुक्ला को पंजिका का दैनिक रूप से परीक्षण कर अपनी टिप्पणी के साथ हस्ताक्षर किए जाने के निर्देश दिए गए थे।
इस पर आपत्ति व्यक्त करते हुए आयुक्त ने सीएमएस को उपस्थिति पंजिका का नियमित एवं आवश्यक रूप से परीक्षण कर रोस्टर वाइज डॉक्टरों की उपस्थिति की जांच कर पंजिका पर हस्ताक्षर करने एवं इस दौरान बिना सूचना के ड्यूटी पर अनुपस्थित पाए गए डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनका स्पष्टीकरण प्राप्त किए जाने के निर्देश दिए गए।
अधिकांश जूनियर डॉक्टरों ने ड्यूटी पर मास्क नहीं पहना हुआ था, जो उचित नहीं है, उक्त कृत्य मरीजों और उनके तीमारदारों को कोरोना के प्रति लापरवाही का संदेश देता है। आयुक्त ने प्रधानाचार्य जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज को इस संबंध में ड्यूटी पर उपस्थित सभी डॉक्टरों को मास्क पहनने हेतु अपने स्तर से आदेश जारी करने को कहा।
JAN SAAMNA DESK
शारीरिक मानक परीक्षण को सकुशल सम्पन्न कराने के सम्बन्ध में गोष्ठी की
कानपुर: प्रभात गुप्ता। पुलिस महानिदेशक/अध्यक्ष, उ0प्र0 पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा वीडियों कांफ्रेसिंग के माध्यम से पुलिस उ0नि0 (गोपनीय), पुलिस सहायक उ0नि0 (लिपिक/लेखा) सीधी भर्ती-2020 एवं पुलिस उ0नि0 ना0पु0 व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2020-21 की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण को सकुशल सम्पन्न कराने के सम्बन्ध में गोष्ठी की गयी।
गोष्ठी में भानु भास्कर, अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर, प्रशान्त कुमार, पुलिस महानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर व अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
19 से 28 अप्रैल तक चौपाल लगाकर सुनीं जायेंगी समस्यायें
कानपुरः प्रभात गुप्ता। कल दिनांक 19 अप्रैल 2022 से 28 अप्रैल 2022 तक सभी ब्लाकों के 6 ग्रामों में चौपाल लगाई जाएगी। जिसमें कल्याणकारी योजनाओं का सत्यापन कर लाभार्थी को सीधे लाभ पहुचाने हेतु चौपाल का आयोजन किया जायेगा। शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जायेगा। जिलाधिकारी श्रीमती नेहा शर्मा द्वारा सभी अधिकारियों को रोस्टर जारी कर ग्रामों में चौपाल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी द्वारा किसी भी दो चौपालों का औचक निरीक्षण कर लोगों की जनसमस्याएं सुनी जाएंगी।
जानकारी दी गई कि 19 अप्रैल 2022 को ब्लॉक भीतरगांव के हरबशापुर, शाखाहारी, भदवारा, कुआखेड़ा, असेनिता, गोपालपुर में, 20 अप्रैल को ककवन ब्लाक के अराजी ईशेपुर, बछना, उत्तमपुर, गढ़ी, इब्राहिमपुर, रोस, रहीमपुर विषधन, में 21 अप्रैल 2022 को घाटमपुर ब्लाक के कटार ,कोरो, गढोलामऊ, शाखाजनवारा, घुघुवा, श्रीनगर में 26 अप्रैल को बिल्हौर ब्लाक के मकनपुर, रोगांव, सिधौली, पलिया बुजुर्ग, बंभियापुर, बरंडा में 27 अप्रैल 2022 को पतारा ब्लॉक के रायपुर, भदेवना, कुम्हेडिया, इटर्रा, कंठीपुर, पड़री लालपुर में व 28 अप्रैल 2022को शिवराजपुर ब्लॉक के मनोह, हराजनगर, विकरु, सखरेज, सैलाहा सिकन्दरपुर मे चौपाल का आयोजन किया जायेगा
समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया
कानपुर। राष्ट्रीय विकलांग पार्टी ने दिव्यांग बोर्ड काशीराम अस्पताल में समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया। शिविर में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनने के बाद सरकार की मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गयी। बैट्री चलित, ट्राईसाईकिल, रेलवे रियायत फार्म, रेलवे यूनिक कार्ड, यू.डी.आई.डी.कार्ड, कृत्रिमअंग उपकरण, दुकान संचालन ऋण, दिव्यांग विवाह पुरस्कार योजना की जानकारी दी गयी व आवेदन पत्रों का निःशुल्क वितरण किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव वीरेन्द्र कुमार, जिला अध्यक्ष राहुल कुमार,आनन्द तिवारी, गुड्डी दीक्षित, मैनुद्दीन, भगवान दास, बंगाली शर्मा, गंगा सागर आदि शामिल थे।
रायबरेली: नगर पालिका रायबरेली कर रही लापरवाही का प्रदर्शन
⇒हफ्तों से सड़क पर बह रहा नाली का पानी और लगा कचरे का ढेर
⇒नगर पालिका अध्यक्ष के द्वारा आश्वस्त करने के बावजूद 24 घंटे बाद भी निरीक्षण के लिए नहीं भेजे गए कर्मचारी
पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। बिना बरसात के शहर की गलियों व आवागमन के रास्तों पर कीचड़ व गंदगी जमा होने से नगर वासियों में अच्छा खासा आक्रोश है। नगर पालिका रायबरेली के कर्मचारियों की उदासीनता के कारण स्वच्छता अभियान में लापरवाही की पोल खुल कर सामने आ रही है। बीते दिन ही उक्त समस्या से नगर पालिका अध्यक्ष को अवगत कराया गया था और उन्होंने कहा भी था कि हम कर्मचारियों को भेजकर समस्या का निदान कराते हैं लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बावजूद कोई भी कर्मचारी मौके का मुआयना करने नहीं पहुंचा है, जिससे प्रतीत होता है कि रायबरेली की नगर पालिका अपनी लापरवाही का खुद ही प्रदर्शन करना चाहती है। आस पास के रहने वाले लोगों ने बताया कि मार्ग में गंदगी व कीचड़ से ग्रामीणों व राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और जिम्मेदार समस्या हल करने की बजाय मूक दर्शक बने हुए हैं।
मामला शहर से गुजर रहे लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग के किनारे सुयश रेस्टोरेंट के सामने तुलसी नगर मार्ग को जाने वाले प्रगतिपुरम चौराहे का है।
एसोसियेशन ऑफ स्मॉल एण्ड मीडियम न्यूज पेपर्स ऑफ इण्डिया के राष्ट्रीय सम्मेलन में समाचारपत्रों की समस्याओं पर हुई चर्चा
जयपुर/कोरापुतः उड़ीसा। एसोसियेशन ऑफ स्मॉल एण्ड मीडियम न्यूज पेपर्स ऑफ इण्डिया के तत्वावधान में राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर देश के लघु और मध्यम समाचार पत्रों के अनेक प्रकाशक/स्वामी सम्मिलित हुए और अपने अपने विचार व्यक्त किये। सम्मेलन को राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव दत्त चन्दोला ने वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित किया और समाचार पत्रों की समस्याओं का निस्तारण कराने बल बल दिया। राष्ट्रीय सम्मेलन में अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ0 अनन्त शर्मा ने प्रिंट मीडिया के सामने उपस्थित चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इतना ही नहीं उन्होंने सोशल मीडिया व नई टेक्नोलॉजी के जरिए कैसे इस से मुकाबला किया जा सकता है इस पर अपने विचार प्रकट किए। साथ ही उपभोक्ता जागरूकता में मीडिया की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
खाताधारकों के प्रति बेपरवाह शाखा प्रबंधन
पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। जिला रायबरेली के अंतर्गत ऊंचाहार क्षेत्र में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारी लापरवाह बने हुए हैं। उन्हें खाताधारको से बात करने में समस्याएं होती हैं। बैंक कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्र के खाताधारको और बैंक परिसर में आने वाले नए ग्राहकों को वरीयता नहीं देते हैं। यहां तक कि खाताधारकों को बैंक कर्मियों से सही और सटीक जवाब पाने के लिए हांथ बांधे उनके सामने खड़े रहना पड़ता है। खाली पड़ी कुर्सियां केवल उनको निहारती हैं। बैंक के कर्मचारियों का यह रवैया आम आदमी को जन सुविधा केंद्र पर जाने को मजबूर करता है वहां उसे अतिरिक्त शुल्क देकर बैंकिंग कार्य करवाना पड़ता है।
एनटीपीसी में संचालित एसबीआई की शाखाः-
बताते चलें कि जनपद के ऊंचाहार क्षेत्र में एनटीपीसी आवासीय परिसर के अंदर लंबे अरसे से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा संचालित हो रही है। यहां के कर्मचारियों की वर्तमान में खासियत यह है कि यहां के प्रबंधक सहित सारा स्टॉफ एक ही समय में लंच करने के लिए चला जाता है और उपभोक्ता इंतजार की घड़ियां गिनते रहते हैं। अधिकांश उपभोक्ता जैसे बिजनेस मैन और मजदूर वर्ग के भी होते हैं जो कि दोपहर में बैंकिंग कार्य हेतु लंच के दरमियान ही शाखा में पहुंचते हैं लेकिन यहां पर एक ही समय में सारा स्टाफ लंच करने के लिए चला जाता है, जिसकी वजह से उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ता है। कर्मचारियों के लंच का भी कोई समय निर्धारित नहीं है कितनी देर बाद वह लंच से लौटेंगे इसका समय वहां पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड भी ठीक तरीके से नहीं बता पाता है। क्षेत्र में एनटीपीसी आवासीय परिसर के अंदर खुली एसबीआई की शाखा में कई कर्मचारी ऐसे हैं जिनका तबादला लंबे अरसे से नहीं हुआ है और उनसे ही ग्राहक परेशान हो रहे हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष ने समस्या के समाधान के लिए कर्मचारियों को दिया निर्देश
⇒हफ्तों से सड़क पर बह रहा नाली का पानी और लगा है कचरे का ढेर
पवन कुमार गुप्ताः रायबरेली। जिले की नगर पालिका की कार्यशैली पर स्थानीय लोग ही सवाल खड़ा कर रहे हैं। नगर पालिका के दायरे में आने वाले मोहल्ले कचरे के ढेरों से और टूटी पड़ी नाली की गंदगी से भरे पड़े हैं। शहर के साथ साथ हाईवे के किनारे से होकर कालोनियों को जाने वाले रास्ते की सफाई व्यवस्था पर रायबरेली का नगर पालिका लापरवाही का प्रदर्शन कर रहा है।
मामला शहर से गुजर रहे लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग के किनारे सुयश रेस्टोरेंट के सामने तुलसी नगर मार्ग को जाने वाले प्रगतिपुरम चौराहे का है। इस चौराहे के तुलसी नगर मार्ग को जाने वाले गेट पर प्रवेश करते ही सड़कों पर पानी भरा हुआ है लोग वाहनों से तो किसी तरह निकल जाते हैं लेकिन यहां के नगरवासियों के लिए पैदल चलकर सड़क तक आना मुश्किल होता है क्योंकि सड़क पर बह रहा नाली का पानी और लगे कचरे के ढेर से होकर उन्हें गुजरना पड़ता है। प्रगतिपुरम चौराहे से लेकर अलंकृत लान तक की नालियां बजबजा रही हैं सड़क के किनारे पानी भरा हुआ है। प्रगतिपुरम चौराहे पर सुभाष जनरल स्टोर के दुकानदार और वहां खड़े ग्राहकों ने बताया कि पिछले एक हफ्तों से इस सड़क पर नाली का एक पाइप टूटने की वजह से पानी का रिसाव हो रहा है। इसके साथ कचरे का ढेर रास्ते भर में लगा है कोई सफाई कर्मचारी भी यहां की गंदगी को साफ करना नहीं चाहता है। नगर पालिका का कोई भी कर्मचारी हफ्तों से इस सड़क पर बह रहे पानी को बंद कराने के लिए नहीं आया।
अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत हुआ मॉक ड्रिल का आयोजन
सिकंदराराऊ, हाथरस। अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान शनिवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में सिकंदराराऊ के जेपीएस इंटर कॉलेज में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र एवं छात्राओं ने प्रतिभाग किया । प्रतियोगिता का शीर्षक अग्नि सुरक्षा सीखें, उत्पादकता बढ़ाएं था। इस अवसर पर कॉलेज में मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया गया तथा आकस्मिकता की स्थिति में फायर सर्विस द्वारा बताया गया कि कैसे रेस्क्यू किया जाता है और गैस सिलेंडर की आग को बुझाने आज का प्रदर्शन किया गया एवं आग से बचाव के संबंध में छात्र-छात्राओं को जानकारियां दी गई।
20 वर्षों से सूखी नहर को चालू कराने की मांग
हाथरस। मुख्यमंत्री तथा आयुक्त से नहर हाथरस ब्रान्च के समानान्तर 20 वर्षों से सूखी नहर को चालू कराने की मांग की है।
सामाजिक संस्था भारतीय नागरिक कल्याण एवं अपराध निरोधक समिति के केन्द्रीय महासचिव हरीश कुमार शर्मा एडवोकेट ने बीसियों वर्ष पहले सिंचाई विभाग उ.प्र. द्वारा बनाई गई नहर हाथरस के समानान्तर सिंचाई हेतु पानी छुडवाने के लिये मुख्यमंत्री तथा मण्डलायुक्त अलीगढ़ को ई-मेल भेजकर मांग की है।
उन्होंने कहा है कि नहर हाथरस ब्रान्च के समानान्तर एक नहर करीब 20 वर्ष पूर्व सिंचाई विभाग उ.प्र. द्वारा बनाई गई थी। जिसमें किसानों की करोड़ों रूपयों की भूमि अधिग्रहीत करके सिंचाई विभाग द्वारा ली गई थी। किन्तु अभी तक यह नहर अधूरी पड़ी है। आज तक इसमें पानी नहीं आया है। परिणामतः उद्देश्य ही विफल हो गया है। यह नहर इगलास (अलीगढ़) से हाथरस जनपद में होकर जलेसर (एटा) और फिरोजाबाद तक के किसानों को सिंचाई हेतु नहरीय पानी उपलब्ध कराने को बनी थी। इस नहर को अविलम्ब चालू कराकर किसानों को नहरीय पानी सिंचाई हेतु उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। इससे अलीगढ़-हाथरस एटा व फिरोजाबाद आदि जिलों के लाखों किसान लाभान्वित हो सकेगें।
Jansaamna