Wednesday, November 4, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » स्मार्ट मीटर लगने से बेरोजगारी की कगार पर पहुंचे मीटर रीडर

स्मार्ट मीटर लगने से बेरोजगारी की कगार पर पहुंचे मीटर रीडर

-आउटसोर्सिंग सेवा निगम में शामिल करने की मांग
फिरोजाबाद। स्मार्ट मीटर लगने के चलते रोजगार पर संकट मंडराने से चिंतित मीटर रीडरों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आउटसोर्सिंग कंपनियों के कथित शोषण से मुक्ति दिलाने और आउटसोर्सिंग सेवा निगम में शामिल किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में मीटर रीडरों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से विद्युत विभाग में मीटर रीडिंग और बिलिंग का काम कर रहे हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भी उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना घर-घर जाकर बिलिंग का कार्य जारी रखा और विभाग के राजस्व संग्रह में सहयोग किया। इसके बावजूद उन्हें आउटसोर्सिंग कंपनियों के अधीन काम करना पड़ रहा है। कंपनियों पर वेतन में कटौती करने, समय से भुगतान न करने और रोजगार की अनिश्चितता बनाए रखने के आरोप लगाए। मीटर रीडरों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उनका काम प्रभावित हो रहा है। इससे उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा के लिए आउटसोर्सिंग सेवा निगम की व्यवस्था की जा रही है, लेकिन मीटर रीडरों को इसमें शामिल नहीं किया गया है।