Wednesday, November 4, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बालिकाओं को शिक्षा दिलाने और बाल विवाह रोकने पर जोर

बालिकाओं को शिक्षा दिलाने और बाल विवाह रोकने पर जोर

हाथरस। विकासखंड मुरसान के सभागार में ब्लॉक बाल संरक्षण समिति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बाल विवाह टास्कफोर्स की बैठक व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बाल संरक्षण, बालिकाओं की शिक्षा, महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। सहायक विकास अधिकारी ज्ञानदीप शर्मा ने एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देते हुए जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं को उनसे जोड़ने के निर्देश दिए। खंड शिक्षा अधिकारी गिर्राज सिंह ने बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने तथा बच्चों को मोबाइल और टीवी के अत्यधिक उपयोग से दूर रखकर अच्छे संस्कार देने की अपील की। महिला कल्याण विभाग की डीएमसी मोनिका दीक्षित ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला, मुख्यमंत्री बाल सेवा, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना सहित महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा, बालश्रम और किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के बारे में भी बताया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी देते हुए सामाजिक भेदभाव समाप्त करने का आह्वान किया। मुरसान थाने के बाल कल्याण अधिकारी ने पुलिस की कार्यप्रणाली और 112 सेवा के बारे में बताया। विशेष दत्तक ग्रहण इकाई की सामाजिक कार्यकर्ता प्रीती गोयल ने बच्चे को गोद लेने की कानूनी प्रक्रिया समझाई। सुपरवाइजर हेमलता ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को योजनाओं के अधिकाधिक आवेदन कराने और ग्राम बाल संरक्षण समिति की बैठकों का कार्यवृत्त तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग से बंटी कुशवाहा और मुरसान विकासखंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।