Saturday, November 14, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष अभियान

महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष अभियान

– 63 शोहदों पर कार्रवाई
-नौ परिवारों के विवादों का कराया निस्तारण
फिरोजाबाद। भैया दूज पर्व पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जनपद की पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-06 के तहत विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान 63 शोहदों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई, जबकि नौ परिवारों के विवादों का काउंसलिंग के माध्यम से निस्तारण कराकर आपसी समझौता कराया गया।
अभियान के दौरान प्रमुख मंदिरों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। महिला पुलिसकर्मियों ने सादा कपड़ों में भी संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की। महिलाओं एवं बालिकाओं पर अशोभनीय टिप्पणी करने, अनावश्यक रूप से घूमने और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी गई। दो व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया, जबकि छह के खिलाफ धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीमों ने पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराकर नौ परिवारों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया। पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को 1090, 181, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए जागरूक किया। एसएसपी ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उनमें आत्मविश्वास की भावना मजबूत करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।