रायबरेली। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) /जिला जनगणना अधिकारी सहदेव मिश्र की अध्यक्षता में महात्मा गांधी सभागार में आगामी जनगणना 2027 के द्वितीय चरण को लेकर प्रशिक्षण एवं व्यापक जन-जागरूकता अभियान के सम्बन्ध में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान जनगणना के द्वितीय चरण और स्वगणना कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई, स्वगणना कार्यक्रम (15 दिवस) जो 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा, द्वितीय चरण के कार्य 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 की निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत संपन्न किए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसके सफल संचालन के लिए जनपद स्तर पर तैयार की गई विभाग-वार कार्य योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही जनजागरुकता हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वगणना का लाभ उठा सकें और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी व सुगम हो सके।
बैठक में जिला जनगणना अधिकारी ने जनगणना-2027 के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश एवं समाज के विकास की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतः इस कार्य को पूर्ण गंभीरता, जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ संपादित किया जाना आवश्यक है।
स्वगणना से संबंधित अपने व्यक्तवय में विशेष रूप से 16 नवंबर से प्रारम्भ होने वाले स्वगणना अभियान के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की निर्धारित जानकारियां ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इससे जनगणना प्रक्रिया में जनसहभागिता बढ़ेगी तथा आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया अधिक सरल, सुगम एवं प्रभावी बनेगी।
अपर जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों एवं संस्थानों के माध्यम से स्वगणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। विशेष रूप से विद्यालयों के माध्यम से अभिभावकों एवं आम नागरिकों को स्वगणना के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें इस प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करने पर बल दिया गया।
बैठक में जनगणना कार्य की महत्ता, विभागीय समन्वय, जनजागरूकता, डिजिटल माध्यमों के उपयोग तथा स्वगणना अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
इस बैठक के माध्यम से सभी संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे आपसी समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान को सफल बनाने में अपनी प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करें।
बैठक का संचालन जिला जनगणना प्रशिक्षक आशुतोष तिवारी, डॉ. विनीत कुमार त्रिवेदी, शिवनेन्द्र सिंह द्वारा की गई। बैठक के आयोजन में जिला जनगणना कार्यालय के सदस्य अभय मिश्रा, सौरभ अवस्थी, राघवेन्द्र सिंह, प्रमोद त्रिवेदी आदि की प्रमुख भूमिका रही।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ब्रजेश तिवारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा, एलडीएम सुबोध मिश्रा सहित राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधिगण, स्वयं सहायता समूह संचालिकाओं व महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों ने प्रतिभाग किया।
Jansaamna