Wednesday, November 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर मीडिया कार्यशाला का आयोजन

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर मीडिया कार्यशाला का आयोजन

♦ 19 नवंबर 2026 से शुरू होगा एमडीए
♦ 4 ब्लॉक में 6.77 लाख पात्र लोगों को खिलाई जाएगी फाइलेरिया रोधी दवा
कानपुर: हिमांशु। फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जनपद के चार ब्लॉक बिधनू, ककवन, चौबेपुर और बिल्हौर में 19 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग और सहयोगी संस्था सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफॉर) के सहयोग से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीदत्त नेमि के निर्देशन में मंगलवार को एक होटल में मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इन चार ब्लॉक में फाइलेरिया के कुल 571 मरीज हैं। इनमें लिम्फेडेमा के 470 और हाइड्रोसील के 101 मरीज शामिल हैं। अभियान में ट्रिपल ड्रग थेरेपी (आईडीए) के तहत आइवरमेक्टिन, डीईसी और एल्बेंडाजोल दवाएं खिलाई जाएंगी। इनके सेवन से शरीर में मौजूद फाइलेरिया के परजीवियों को खत्म करने और संक्रमण का प्रसार रोकने में मदद मिलती है। अभियान के दौरान करीब 6.77 लाख पात्र लोगों को दवा खिलाई जाएगी। इसके लिए 90 सुपरवाइजर और 1,084 दवा प्रदाताओं की तैनाती की गई है। कुल 542 दो सदस्यीय टीमें बनाई गई हैं। स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण, दवाओं की उपलब्धता और नियमित निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी पात्र लोगों से अभियान के दौरान दवा का सेवन करने की अपील की। अभियान की जानकारी के लिए जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह (मोबाइल नंबर 9452122959) से संपर्क कर सकते हैं। टोल फ्री नंबर 104 पर भी फाइलेरिया संबंधी जानकारी उपलब्ध है।

कार्यशाला के अध्यक्ष और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमित रस्तोगी ने बताया कि जागरूकता के लिए गांवों और मोहल्लों में रैलियां, गोष्ठियां और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों में क्विज और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं भी कराई जा रही हैं। आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों के डर और भ्रांतियों को दूर कर उन्हें दवा सेवन के लिए प्रेरित कर रही हैं। इस काम में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), पाथ, प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल (पीसीआई) और सीफॉर जैसी संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। अभियान में ग्राम प्रधानों, कोटेदारों, स्वयं सहायता समूहों, रोगी हितधारक मंच (पीएसपी) के सदस्यों, स्वयंसेवकों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा गया है। पंचायती राज, खाद्य एवं रसद, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा विभाग और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का सहयोग लिया जा रहा है।
फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलता है संक्रामक
फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाला संक्रामक रोग है, जो शरीर के लसीका तंत्र को प्रभावित करता है। संक्रमण के 10 से 15 साल बाद भी इसके लक्षण सामने आ सकते हैं। समय पर बचाव न होने पर हाथ-पैरों में असामान्य सूजन (लिम्फेडेमा), हाइड्रोसील और दूसरी दीर्घकालिक समस्याएं हो सकती हैं। इससे व्यक्ति की आजीविका और सामाजिक जीवन भी प्रभावित होता है। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम दो रणनीतियों पर आधारित है। पहली सर्वजन दवा सेवन (एमडीए), जिसके तहत सभी पात्र लोगों को दवा खिलाकर संक्रमण की श्रृंखला तोड़ने का प्रयास किया जाता है। दूसरी रुग्णता प्रबंधन और दिव्यांगता की रोकथाम (एमएमडीपी) है। इसके तहत मरीजों को प्रभावित अंगों की सफाई, स्वच्छता, व्यायाम और उचित देखभाल की जानकारी दी जाती है। जरूरत पड़ने पर हाइड्रोसील सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।