Wednesday, November 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » स्व गणना: 30 नवंबर तक दर्ज करा सकेंगे परिवार का विवरण

स्व गणना: 30 नवंबर तक दर्ज करा सकेंगे परिवार का विवरण

फिरोजाबाद। जनपद में सोमवार से स्व गणना की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से प्रारंभ हो गई है। यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक संचालित की जाएगी। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर जनपद के विशिष्ट व्यक्तियों ने स्वयं अपनी स्व गणना कर नागरिकों को भी इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अपनी स्व गणना की। इसके पश्चात जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अपने परिवार के साथ स्व गणना कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्व गणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार का विवरण दर्ज कराएं तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने बताया कि स्व गणना के दौरान उपलब्ध कराई जाने वाली सटीक एवं सही जानकारी देश की भावी नीतियों के निर्धारण, विकास योजनाओं के निर्माण और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए निर्धारित अवधि में सही जानकारी दर्ज करानी चाहिए।