Friday, October 23, 2026
Breaking News

पीडी. जैन मार्केट में व्यापारियों ने अधिकारियों के समक्ष रखीं समस्याएं

फिरोजाबाद। पीडी. जैन मार्केट एसोसिएशन के तत्वावधान में गुरु कृपा पटाखा क्रैकर्स, लहरी कंपाउंड में ‘चाय पर चौपाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और उनके समाधान की मांग की। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आगामी दिनों में करवाचौथ, टेसू महाराज का विवाह उत्सव, धनतेरस, छोटी दीपावली और दीपावली जैसे प्रमुख पर्व हैं। इन दौरान बाजारों में व्यापारियों और ग्राहकों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में व्यापारियों की सुरक्षा और पुलिस-प्रशासन की सक्रियता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने व्यापारियों से पुलिस-प्रशासन के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और अपनी समस्याओं को साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए व्यापारियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा ने की, जबकि संचालन पीडी. जैन मार्केट के महामंत्री विकास जैन ने किया।

Read More »

बिठूर उपचुनाव में प्रत्याशी चयन के लिए जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला अधिकृत

कानपुर। बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष निर्मला सिंह के निधन से रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव की घोषणा के बाद राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस ने भी उपचुनाव को गंभीरता से लेते हुए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कानपुर नगर ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला को बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी के चयन हेतु अधिकृत किया है। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र भी जारी किया गया है। बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष का पद स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जाता है। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वर्ष 2000 में निर्मला सिंह पहली बार बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं।

Read More »

देवछठ मेला में विराट कुश्ती दंगल का भव्य शुभारंभ

अलीगढ़। श्री खेरेश्वर महादेव व दाऊजी महाराज समिति की ओर से आयोजित देवछठ मेला में विराट कुश्ती दंगल 2026 एवं खेल महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। दंगल का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता आर.पी. सिंह ने अखाड़े में पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में समिति के अध्यक्ष ठाकुर गहराज सिंह, महामंत्री ऋषि ओम शर्मा और कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान ने विधि-विधान से दंगल स्थल का पूजन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि आर.पी. सिंह ने पहलवानों से परिचय प्राप्त किया और उनका हाथ मिलवाकर दंगल के शुभारंभ की घोषणा की। दंगल प्रभारी लतेश चौधरी ने मुख्य अतिथि आर.पी. सिंह और विशिष्ट अतिथियों स्वामी ओमकार एवं देवेंद्र सिंह राघव का पगड़ी पहनाकर तथा गदा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। दंगल का संचालन कंछी पहलवान ने किया।

Read More »

एआरपी पद पर चयनित शिक्षक रमेश बहादुर सिंह का सम्मान

सलोन, रायबरेली। प्राथमिक विद्यालय पृथ्वीपुर के प्रधानाध्यापक रमेश बहादुर सिंह का एआरपी (हिंदी) पद पर चयन होने पर सेवानिवृत्त शिक्षक कल्याण परिषद की ओर से सम्मान किया गया। परिषद के जिला मीडिया प्रभारी मोहम्मद इस्माइल खान एवं पूर्व प्रधानाध्यापक मोहम्मद जहदी ने विद्यालय पहुंचकर संगठन की ओर से प्रधानाध्यापक रमेश बहादुर सिंह को माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से शिक्षक हित में पहले से बेहतर कार्य करने का प्रयास किया जाएगा। मोहम्मद जहदी ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के साथ उन्हें उम्मीद है कि नवनियुक्त एआरपी रमेश बहादुर सिंह विद्यालयों को निपुण बनाने और ब्लॉक के सभी विद्यालयों में अपने अनुभव साझा करने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि रमेश बहादुर सिंह ने करीब 31 वर्षों तक इसी विद्यालय में अपनी सेवाएं दी हैं और अब एआरपी के रूप में पूरे ब्लॉक में अपनी सेवाएं देंगे। बताते चलें कि रमेश बहादुर सिंह प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक महामंत्री भी हैं।

Read More »

डीएम ने कलेक्ट्रेट के कार्यालयों का किया निरीक्षण, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

हाथरस। नवागत जिलाधिकारी सत्यप्रकाश पटेल ने जनता दर्शन के बाद कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों, राजस्व संबंधी पटल और कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके कार्यों और दायित्वों की जानकारी लेते हुए कार्यालयी कार्यों का निस्तारण पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और समयबद्धता के साथ करने के निर्देश दिए। डीएम ने आयुध अनुज्ञा एवं अभिलेख कक्ष, आंग्ल अभिलेखागार, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, नाजिर कक्ष, आईजीआरएस कक्ष, राजस्व अभिलेखागार, जिला पूर्ति कार्यालय, संयुक्त कार्यालय और जिला कोषागार सहित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और पटल सहायकों से परिचय प्राप्त कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय से कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।

Read More »

‘वेस्ट टू वेल्थ’ के माध्यम से स्कूली बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को किया सम्मानित

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली की ओर से पर्यावरण संरक्षण, रचनात्मकता और पुनर्चक्रण की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘वेस्ट टू वेल्थ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आरेडिका के आसपास स्थित 18 विद्यालयों के करीब 317 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पुरानी एवं अनुपयोगी वस्तुओं से कलात्मक आकृतियां, खिलौने, सजावटी सामान और अन्य उपयोगी सामग्री तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पहल का उद्देश्य बच्चों में अनुपयोगी वस्तुओं के पुन: उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और रचनात्मक सोच के प्रति जागरूकता विकसित करना था।

Read More »

एम्स रायबरेली में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का आयोजन

रायबरेली। एम्स रायबरेली में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने भगवान धन्वंतरि के पूजन से की। इस दौरान आयुर्वेद एवं आधुनिक चिकित्सा से संबंधित पुस्तकों का भी पूजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान औषधीय पौधों का वितरण किया गया। इसके साथ ही चंदन, तेजपत्ता, अर्जुन और सर्पगंधा के पौधों का रोपण भी किया गया। कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने मरीजों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेद और योग खराब जीवनशैली से जुड़े रोगों, जैसे मोटापा, मधुमेह, हाइपोथायरॉइड और अपच आदि के प्रबंधन में उपयोगी हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि आयुष विभाग की ओपीडी में मरीजों को नियमित रूप से योग और प्राणायाम का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

Read More »

मथुरा जंक्शन की मेन एंट्री पर खुलेगा रेल कोच रेस्टोरेंट

मथुरा। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ गैर-किराया राजस्व के नए स्रोत विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, आगरा अंकित गुप्ता के निर्देशन में मथुरा जंक्शन स्टेशन की मेन एंट्री स्थित सर्कुलेटिंग एरिया में रेल कोच रेस्टोरेंट के संचालन के लिए पांच वर्ष की अवधि का अनुबंध प्रदान किया गया है। अनुबंध के तहत मथुरा जंक्शन पर थीम आधारित रेल कोच रेस्टोरेंट विकसित किया जाएगा। यहां यात्रियों के साथ-साथ स्टेशन पर आने वाले आगंतुकों को उचित एवं प्रतिस्पर्धी दरों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन और खान-पान की सुविधा उपलब्ध होगी। आकर्षक एवं अलग थीम वाले रेल कोच में भोजन का अनुभव यात्रियों के लिए नया आकर्षण भी होगा।

Read More »

उद्यान मंत्री ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में वर-वधुओं को दिया आशीर्वाद

रायबरेली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकासखंड सतांव के गन्ना कांटा मैदान में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात, उत्तर प्रदेश, दिनेश प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी और मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में कुल 214 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधकर अपने जीवन की नई शुरुआत की। इनमें हरचंदपुर के 63, सतांव के 58, खीरों के 18, लालगंज के 16, सरेनी के 10, डीह के 22, राही के 20 तथा नगर पंचायत सलोन के सात जोड़े शामिल रहे। इस अवसर पर उद्यान मंत्री ने नवविवाहित दंपतियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन उनके जीवन में नई खुशियों, आशाओं और संकल्पों की शुरुआत है।

Read More »

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में हुआ वृक्षारोपण

रायबरेली। प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर उधवन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार ओझा, एसआई सौरभ पांडेय, ग्राम प्रधान सुरेश कुमार, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य वीरेंद्र कुमार, प्रधानाध्यापक अतीश कुमार, एआरपी सौरभ शुक्ला एवं अनुज मिश्रा सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने पौधारोपण किया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के महेश कुमार त्रिपाठी, अजय शुक्ला एवं नीता सिंह भी मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां की स्मृति और सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। ऐसे अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Read More »